कुरुक्षेत्र में आज प्रसिद्ध रामकथावाचक मुरारी बापू रामकथा करेंगे। ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक होने वाली इस एक दिन की कथा के लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है। मुरारी बापू इस बार अकेले नहीं, बल्कि 2 स्पेशल ट्रेनों में 900 से श्रद्धालुओं के साथ भारत स्वस्तिक यात्रा पर पहुंच रहे हैं। संतकृपा सनातन संस्थान की ओर से कन्याकुमारी से केदारनाथ तक निकली यह यात्रा देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ रही है। इसका नेतृत्व मुरारी बापू कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र इस यात्रा का 9वां पड़ाव है। आज सुबह करीब 8 बजे ये ट्रेन कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन परपहुंचेंगी। यहां गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद रेलवे स्टेशन पर मुरारी बापू का स्वागत करेंगे। मुरारी बापू तीसरी बार करेंगे रामकथा कुरुक्षेत्र में मुरारी बापू तीसरी बार रामकथा करेंगे। इससे पहले वे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) की शुरुआत पर नवंबर 2022 में 9 दिन की मानस गीता रामकथा करने आए थे। साल 1992 में मुरारी बापू ने पहली बार कुरुक्षेत्र में रामकथा की थी। यहां के बाद वे अगले दिन यानी 19 अक्टूबर को पंजाब के अटारी-वाघा बॉर्डर पर रामकथा करेंगे। दो स्पेशल ट्रेनों में चल रही यात्रा इस यात्रा के लिए 2 स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई है। इन्हें कैलाश भारत गौरव और चित्रकूट भारत गौरव नाम दिया गया है। इन ट्रेनों की व्यवस्था इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) के साथ तय की गई है। श्रद्धालुओं के भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी यात्रा के दौरान की जा रही हैं। कन्याकुमारी से शुरू, केदारनाथ में पूरा होगा पहला चरण भारत स्वस्तिक यात्रा के पहले चरण की शुरुआत 10 अक्टूबर को कन्याकुमारी से हुई थी। कल 17 अक्टूबर को मथुरा में कथा के बाद आज कुरुक्षेत्र में आयोजन होगा। 20 अक्टूबर को जम्मू के रघुनाथ मंदिर में कथा निर्धारित है। यात्रा का पहला चरण 23 अक्टूबर को केदारनाथ में पूरा होगा।

