मऊ में विकास भवन सभागार में बुधवार शाम 4:30 बजे किसान दिवस का आयोजन किया गया। परियोजना निदेशक एवं जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) सुभाष चंद्र सरोज की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने कृषि संबंधी समस्याओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और जर्जर संसाधनों का मुद्दा उठाया। किसानों ने जिलाधिकारी के बैठक में नहीं पहुंचने पर नाराजगी भी जताई। डीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जर्जर गोदाम और अतिक्रमण की शिकायत किसान देवेंद्र सिंह ने बताया कि सघन सहकारी समिति परशुपुर का सड़क किनारे स्थित गोदाम जर्जर हो चुका है। उसका कुछ हिस्सा गिर भी गया है। उन्होंने समिति की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत करते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और विधिवत निशानदेही कराने की मांग की। किसान जयप्रकाश राय ने सहरोज मुतालिका मोहम्मदपुर में पानी की टंकी के पिलर में दरार आने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि क्षतिग्रस्त टंकी गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। उन्होंने टंकी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। बिजली पोल ठीक कराने और नलकूप चालू करने की मांग किसानों ने अरदौना में बिजली का पोल गिरने से संभावित दुर्घटना की आशंका जताते हुए उसे दुरुस्त कराने की मांग की। वहीं, सरवा आदेडीह में लंबे समय से बंद पड़े राजकीय नलकूप को दोबारा चालू कराने का मुद्दा भी उठाया गया। विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहना के एक किसान ने ग्राम पंचायत खुशामदपुर में सरकारी विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अनुपलब्धता की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र होने के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नियुक्ति नहीं है। इस पर डीडीओ ने खंड विकास अधिकारी से तत्काल वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा जिला कृषि अधिकारी ने बैठक में बताया कि जनपद में यूरिया और डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। डीडीओ सुभाष चंद्र सरोज ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता विद्युत आशीष कुमार और किसान बृजेश यादव, मदन मोहन राय, परमात्मा सिंह, देवेंद्र सिंह, देव प्रकाश राय व राकेश सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

