किसान तीनों प्राधिकरण पर करेंगे प्रदर्शन:राकेश टिकैत भी होंगे शामिल, ट्रैक्टरों से पहुंचेंगे किसान; 14 सितंबर को हल्ला बोल

किसान तीनों प्राधिकरण पर करेंगे प्रदर्शन:राकेश टिकैत भी होंगे शामिल, ट्रैक्टरों से पहुंचेंगे किसान; 14 सितंबर को हल्ला बोल

कल गौतमबुद्ध नगर जिले में किसानों का हल्ला बोल प्रदर्शन होगा। भारतीय किसान यूनियन जिले की तीनों प्राधिकरणों पर धरना प्रदर्शन करेगी। किसान सभा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत करेगी। इस प्रदर्शन में किसान नेता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे। भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने बताया कि किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर गौतमबुद्ध नगर में तीनों प्राधिकरणों पर 14 सितंबर, सोमवार को धरना प्रदर्शन होगा। उन्होंने बताया कि नोएडा प्राधिकरण पर भारतीय किसान यूनियन के जोनल अध्यक्ष अशोक भाटी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर जोनल अध्यक्ष मनोज मावी और यमुना प्राधिकरण पर जोनल अध्यक्ष रॉबिन नगर प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। यह प्रदर्शन किसानों और मजदूरों की सभी मांगों को लेकर किए जाएंगे। पवन खटाना ने बताया कि किसान लंबे समय से 64.7 प्रतिशत मुआवजे, आबादी के निस्तारण और 10 प्रतिशत आवासीय प्लॉट की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा, 2013 का भूमि अधिग्रहण बिल लागू करने की भी मांग है। इन मांगों को लेकर 14 सितंबर को किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से यमुना प्राधिकरण पर पहुंचकर धरना देंगे। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनों को लेकर रणनीति तैयार की है। उन्होंने कहा कि तीनों ही प्राधिकरणों पर बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे। उनका कहना है कि प्राधिकरण की तरफ से हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, लेकिन इस बार आश्वासन से काम नहीं चलेगा। किसान अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *