किसानों ने सर्वेयरों को चूड़ी-पेटीकोट पहनाकर गांव में घुमाया:अवैध वसूली से भड़के किसानों ने जूतों की माला भी पहनाई, पुलिस को सौंपा

किसानों ने सर्वेयरों को चूड़ी-पेटीकोट पहनाकर गांव में घुमाया:अवैध वसूली से भड़के किसानों ने जूतों की माला भी पहनाई, पुलिस को सौंपा

महोबा में फसल सर्वे के नाम पर कथित अवैध वसूली से नाराज किसानों ने दो सर्वेयरों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का सर्वे करने पहुंचे दोनों सर्वेयरों पर किसानों ने पैसे मांगने का आरोप लगाया। महिलाओं ने दोनों को चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया, लाली-बिंदी लगाई और गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया। किसानों का आरोप है कि दोनों सर्वेयरों ने 200 से ज्यादा किसानों से करीब 2 लाख रुपए की अवैध वसूली की। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान चरखारी विधायक प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। 90% फसल बर्बाद होने के बाद सर्वे का इंतजार कर रहे थे किसान मामला चरखारी विधानसभा क्षेत्र के नटर्रा गांव का है। पिछले 20 दिनों से हुई भारी बारिश के कारण गांव में उड़द, तिली और मूंगफली की करीब 90% फसल बर्बाद होने का दावा किया जा रहा है। किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का मुआवजा मिलने की उम्मीद कर रहे थे। इसी बीच बीमा कंपनी इफको टोक्यो से जुड़ी निजी एजेंसी ग्लोबल अर्क के दो सर्वेयर गांव में पहुंचे। दोनों मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
ज्यादा बीमा राशि दिलाने का झांसा देने का आरोप किसानों का आरोप है कि दोनों सर्वेयर पिछले एक सप्ताह से गांव में जाकर फसल नुकसान का ज्यादा सर्वे दर्ज करने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का लालच दे रहे थे। इसके बदले वे किसानों से 1 हजार से 5 हजार रुपए तक की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर सर्वेयर बीमा का लाभ नहीं मिलने की धमकी देते थे। किसानों के मुताबिक, इस तरह करीब 2 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन माध्यम से लिए गए।
ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ा मामले की जानकारी होने पर जागरूक ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र राजपूत ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पूछताछ की तो आरोप है कि दोनों ने किसानों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना दी गई। विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ गांव पहुंचे।

महिलाओं ने चूड़ी-बिंदी लगाकर गांव में निकाला जुलूस विधायक प्रतिनिधि और ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला किसानों ने दोनों सर्वेयरों का विरोध किया। महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया। इसके बाद लाली-बिंदी लगाकर गले में जूतों की माला डाली और दोनों को पूरे गांव में घुमाया। महिलाओं का कहना था कि मुसीबत में फंसे किसानों से पैसे लेकर उन्होंने बेहद गलत काम किया है। इसी वजह से महिलाओं ने इस तरह विरोध जताया। कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे, पुलिस हिरासत में दोनों सर्वेयर हंगामे की सूचना मिलने पर कृषि अधिकारी राम सजीवन भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नामजद तहरीर देकर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और किसानों से लिए गए पैसे वापस कराने की मांग की। कृषि अधिकारी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने और निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल दोनों सर्वेयर पुलिस हिरासत में हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *