किसानों की समस्याओं पर 1 सितंबर को कमिश्नरी घेरेगी भाकियू:राकेश टिकैत भी होंगे शामिल, बिजली से लेकर गन्ना भुगतान तक मुद्दे उठेंगे

किसानों की समस्याओं पर 1 सितंबर को कमिश्नरी घेरेगी भाकियू:राकेश टिकैत भी होंगे शामिल, बिजली से लेकर गन्ना भुगतान तक मुद्दे उठेंगे

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक सितंबर को कमिश्नरी कार्यालय पर महापंचायत की जाएगी। पंचायत के बाद भाकियू की ओर से कमिश्नरी का घेराव किया जाएगा। संगठन ने बड़ी संख्या में किसानों और ट्रैक्टरों के साथ पहुंचने का एलान किया है। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि करीब 5000 ट्रैक्टरों के साथ कार्यकर्ता कमिश्नरी पहुंचेंगे। पंचायत में किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पंचायत की तैयारियों को लेकर बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कई गांवों में जनसंपर्क किया। भाकियू जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम सीमा में शामिल गांवों में किसान जलभराव और सफाई व्यवस्था की समस्या से जूझ रहे हैं। बढ़े हुए हाउस टैक्स, साल में दो बार हाउस टैक्स वसूली और नालों की सफाई न होने की शिकायतें भी हैं। इसके अलावा किसानों को खाद की उपलब्धता, अधिक ब्याज वसूली, गन्ना भुगतान, बिजली और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को एक सितंबर को चौधरी चरण सिंह पार्क में होने वाली पंचायत में उठाया जाएगा और किसानों की मांगों को लेकर कमिश्नरी का घेराव किया जाएगा। बैठक में वीरपाल सुरानी, हर्ष समेत भाकियू पदाधिकारी मौजूद रहे। बीते महीने किसानों द्वारा किए गए कलेक्ट्रेट के घेराव में ही इस पंचायत का ऐलान कर दिया गया था। इसके साथ ही महापंचायत में राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। किसानों का कहना है कि लंबे समय से जो मांग ज्ञापन के माध्यम से बताई गई थी उनका आज तक समाधान नहीं हुआ है इसको लेकर भी महापंचायत में बात होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *