मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा की आरती उतारी। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया। इस दौरान उन्होंने लोक कल्याण और जनमानस की सुख-समृद्धि की कामना की। सीएम ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की
मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद वह सीधे नमो घाट पहुंचे और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए की गई तैयारियों के साथ ही आम लोगों के बैठने की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से पैदल न चलना पड़े। इसके लिए पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को जाम में अधिक समय तक न फंसना पड़े। सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी जाए
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा- कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और दर्शकों के बैठने के स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

