काला सागर में जहाज पर हमले में मारे गए दो लोग, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ने ठहराया रूस को ज़िम्मेदार

काला सागर में जहाज पर हमले में मारे गए दो लोग, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ने ठहराया रूस को ज़िम्मेदार

काला सागर (Black Sea) में आज एक जहाज पर हमले का मामला सामने आया है। यह हादसा रोमानिया (Romania) के पास हुआ। जानकारी के अनुसार जहाज पर अनाज था और वो यूक्रेन (Ukraine) से इटली (Italy) जा रहा था, लेकिन रोमानिया के पास काला सागर में हमले का शिकार बन गया। हमले की वजह से जहाज में आग लग गई। इस हमले में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई और 11 अन्य लोगों को बचा लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में कोस्ट गार्ड के कई जहाज और एक हेलीकॉप्टर शामिल थे। जानकारी के अनुसार जिस जहाज पर हमला हुआ, उसकी पहचान रोयाद मम्मादोव (Royad Mammadov) के तौर पर हुई है। यह जहाज़ तुर्की की कंपनी एमजी शिपिंग पांच (MG Shipping 5) का है और सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे के साथ यात्रा कर रहा था।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ठहराया रूस को ज़िम्मेदार

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने इस हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है। ज़ेलेन्स्की ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “न्यूट्रल पानी में तुर्की के एक नागरिक जहाज पर दो रूसी ड्रोनों ने भयानक हमला किया। इस जहाज पर मक्का (अनाज) लदा हुआ था और इसमें अज़रबैजानी और भारतीय नागरिक सवार थे। अफसोस की बात है कि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक जहाज के कैप्टन की मौत हो गई है। मेरी संवेदनाएं। एक और व्यक्ति के बारे में अभी पता लगाया जा रहा है। 11 क्रू सदस्यों को बचाया गया, जिनमें से एक घायल है। यूक्रेन ने बार-बार तनाव कम करने और काला सागर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का प्रस्ताव दिया है। तीसरे देशों की ओर से भी ऐसे प्रस्ताव आए हैं। लेकिन रूस हमेशा सामान्य समुद्री आवाजाही के बजाय आतंक फैलाने और नागरिक जहाज़ों को डुबोने का रास्ता चुनता है। वैश्विक खाद्य सुरक्षा को बहाल करने के लिए दबाव बनाने की ज़रूरत है। जो कोई भी सच में इसमें दिलचस्पी रखता है, उसे इसमें मदद करनी चाहिए।”

घायल व्यक्ति का चल रहा है इलाज

जिस व्यक्ति के लिए ज़ेलेन्स्की ने कहा कि उसके बारे में पता लगाया जा रहा है, उसकी भी मौत हो गई है। इस हमले में घायल हुए व्यक्ति का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *