इंदौर के चंदन नगर में तीन नाबालिगों द्वारा बीयर के नशे में जमकर उत्पात मचाया गया। रविवार को चार पहिया वाहनों में तीनों ने तोड़फोड़ की थी। पकड़े गए बदमाशों में एक मल्हारगंज इलाके के हिस्ट्रीशीटर बदमाश का बेटा है। हालांकि, पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, एरोड्रम और मल्हारगंज क्षेत्र में रहने वाले तीन नाबालिगों ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात राजनगर और चंदन नगर क्षेत्र में उत्पात मचाया था। इनमें से एक नाबालिग अपनी दादी की एक्टिवा स्कूटी लेकर अपने दोस्तों को घुमाने निकला था। रास्ते में तीनों ने बीयर पी, फिर नशे में धुत होकर राजनगर व आसपास के इलाकों में सड़क किनारे खड़ी 4 से 5 चार पहिया गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए। रविवार शाम जब पुलिस को जानकारी मिली तो सीसीटीवी फुटेज निकाले गए। फुटेज में तीनों नाबालिग एक्टिवा से तोड़फोड़ करते साफ नजर आए, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए नाबालिगों में एक पढ़ाई करता है, जबकि दो नाबालिग सराफा और कपड़ा मार्केट में नौकरी करते हैं। पुलिस इस घटनाक्रम में पकड़े गए नाबालिगों के परिजन पर भी कार्रवाई करेगी।

