कारों में छिपे हुए डोर हैंडल इमरजेंसी में नहीं खुले तो चीन में 43 लाख गाड़ियां वापस बुला रहीं कपंनियां, अमेरिका में भी उठे सवाल

कारों में छिपे हुए डोर हैंडल इमरजेंसी में नहीं खुले तो चीन में 43 लाख गाड़ियां वापस बुला रहीं कपंनियां, अमेरिका में भी उठे सवाल

Hidden Door Handles: चीन में इलेक्ट्रिक और दूसरी कारों की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। टेस्ला समेत 9 वाहन कंपनियां करीब 43 लाख गाड़ियां वापस बुला रही हैं। वजह कारों के ऐसे छिपे हुए डोर हैंडल हैं, जिन्हें हादसे के बाद इलेक्ट्रिकल सिस्टम फेल होने पर पहचानना या खोलना मुश्किल हो सकता है। इसे चीन का अब तक का सबसे बड़ा ऑटो रिकॉल बताया जा रहा है। इस पूरे मामले में टेस्ला का रिकॉल सबसे बड़ा है। कंपनी करीब 29.8 लाख Model 3, Model Y, Model S और Model X को रिकॉल करेगी। इसमें चीन में बनी और दूसरे देशों से आयात की गई गाड़ियां शामिल हैं। यह रिकॉल 25 सितंबर से शुरू होगा।

Xiaomi समेत इन कंपनियों की भी गाड़ियां वापस होंगी

टेस्ला के अलावा Xiaomi, Leapmotor, Xpeng और Geely Holding ने भी बड़े पैमाने पर रिकॉल की जानकारी चीन के बाजार नियामक SAMR को दी है। आंकड़ों के मुताबिक, शाओमी करीब 3.90 लाख, Leapmotor करीब 3.71 लाख और Xpeng लगभग 2.64 लाख गाड़ियां वापस बुलाएंगी। बाकी कंपनियों का रिकॉल इससे काफी छोटा है। कंपनियां इस समस्या को दूर करने के लिए अलग-अलग कदम उठा रही हैं। इनमें सॉफ्टवेयर अपडेट, डोर हैंडल पर चेतावनी वाले लेबल लगाना और हैंडल की पहचान आसान बनाने के लिए मार्किंग में बदलाव शामिल हैं।

हादसे के बाद दरवाजा खोलना हो सकता है मुश्किल

चीन के नियामक के मुताबिक, गंभीर दुर्घटना के बाद अगर कार का इलेक्ट्रिकल सिस्टम काम करना बंद कर देता है तो कार के दरवाजे के हैंडल को ढूंढना या इस्तेमाल करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। यही समस्या राहत और बचाव दल के लिए भी मुश्किल खड़ी कर सकती है। छिपे हुए डोर हैंडल को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। कुछ हादसों में कार में आग लगने के बाद यात्रियों के अंदर फंसे रहने की घटनाओं ने इस चिंता को और बढ़ाया है। चीन की सरकारी मीडिया ने अक्टूबर में शाओमी SU7 से जुड़े एक हादसे की रिपोर्ट की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना और आग लगने के बाद बाहर मौजूद लोग कार का दरवाजा नहीं खोल सके और ड्राइवर की मौत हो गई।

2027 से छिपे हुए डोर हैंडल पर चीन लगाएगा रोक

चीन ने अब इस तरह के डिजाइन पर सख्ती बढ़ा दी है। देश साल 2027 से छिपे हुए डोर हैंडल पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। खास बात यह है कि इस तरह के हैंडल को टेस्ला ने लोकप्रिय बनाया था और बाद में कई चीनी इलेक्ट्रिक कार कंपनियों ने भी इसे अपनाया। चीन में इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों के बीच कीमतों को लेकर पहले से ही जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। ऐसे में सरकार अब नई तकनीकों के साथ सुरक्षा मानकों पर भी ज्यादा ध्यान दे रही हैं।

टेस्ला में सॉफ्टवेयर अपडेट से होगा समाधान

टेस्ला के मामले में कंपनी गाड़ियों में चेतावनी वाले लेबल लगाएगी। इसके अलावा सॉफ्टवेयर अपडेट भी भेजा जाएगा। इस अपडेट के बाद हादसे की स्थिति में कार की खिड़कियां अपने आप नीचे होने में मदद मिलेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर अंदर मौजूद लोगों या बचावकर्मियों के लिए बाहर निकलने का रास्ता आसान हो सके। वहीं, लीपमोटर ने कहा कि वह सुरक्षा को लेकर गंभीर है। कंपनी के मुताबिक, उसके अपडेट में चेतावनी लेबल लगाने और पावर विंडो कंट्रोल सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करने जैसे कदम शामिल हैं।

अमेरिका में भी डोर हैंडल पर उठे सवाल

छिपे हुए डोर हैंडल सिर्फ चीन में ही जांच के घेरे में नहीं हैं। अमेरिका में भी इनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। अमेरिका में नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन यानी NHTSA ने पिछले महीने कहा था कि वह ऐसी नई सुरक्षा व्यवस्था पर विचार कर रहा है, जिससे बिजली की सप्लाई बंद होने की स्थिति में वाहन के अंदर लोगों के फंसने का खतरा कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *