ग्वालियर. शहर में निराश्रित और बीमार गोवंश में लंपी वायरस लगातार फैलता जा रहा है, लेकिन संक्रमण रोकने के लिए जिम्मेदार विभागों की व्यवस्था खुद सवालों के घेरे में है। निगम के कंट्रोल रूम में रविवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच ही 58 शिकायतें पहुंचीं। शिकायत मिलने के बाद लंपी से पीडि़त गोवंश को संबंधित क्षेत्रों से वाहन के जरिए उठाकर रतवाई इलाज के लिए भेजा गया। इसके बावजूद शहर में संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
एक महीने से लंपी के मामले सामने आने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। निगम ने आवारा, बीमार और घायल पशुओं की सूचना के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 7089003178 जारी किया है। शिकायतों के आधार पर पशुओं को उपचार के लिए भेजा जा रहा है, लेकिन संसाधनों की कमी भी अभियान पर असर डाल रही है। निगम की तीन एंबुलेंस में से दो ही चालू हैं, जबकि एक बंद पड़ी है। ट्रैक्टरों की स्थिति भी ठीक नहीं है।
लक्ष्मीगंज में 10-15 गोवंश लंपी से संक्रमित
गोसेवक मोहित जोशी ने बताया, लक्ष्मीगंज क्षेत्र में करीब 200 गोवंश मौजूद हैं। इनमें 10 से 15 गोवंश लंपी वायरस से संक्रमित हैं। ऐसे में संक्रमण को दूसरे पशुओं तक पहुंचने से रोकने के लिए समय रहते वैक्सीनेशन जरूरी है। लेकिन पशुपालन विभाग शहर में वैक्सीनेशन नहीं कर पाया है। जबकि लंपी वायरस तेजी से बढ़ रहा है और जिम्मेदार विभाग सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

