बरेली की कान्हा उपवन गौशाला में गौवंश की लगातार हो रही मौतों का मेयर और नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया है। बीती रात कई गौवंश के मरने के बाद हिंदू संगठनों ने काफी हंगामा किया था, जिसके बाद मंगलवार को मेयर डॉ उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने गौशाला का निरीक्षण किया। वही कमियां मिलने पर मेयर ने वहां मौजूद स्टाफ की फटकार लगाई। मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मंगलवार को कान्हा उपवन गौशाला का औचक निरीक्षण किया। प्रदेश के मॉडल रूप में विकसित इस गौशाला में गोवंश के रखरखाव, चारा-पानी, चिकित्सा, सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परिसर में पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा, चुनी-चोकर और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध मिला। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय और पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सीसीटीवी से निगरानी, बीमार गोवंश के लिए अलग शेड
गौशाला में निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों, ईयर टैगिंग, दवा और नियमित टीकाकरण की स्थिति परखी गई। बीमार पशुओं के लिए बने अलग शेड और विशेष चिकित्सा व्यवस्था का भी मुआयना हुआ। महापौर ने सख्त निर्देश दिए कि छोटे और बड़े गोवंश के खाने की व्यवस्था अलग-अलग रखी जाए, ताकि सभी को पर्याप्त चारा और जगह मिल सके। गोबर के फैलाव को रोकने के लिए बनेगी बाउंड्री
परिसर में स्वच्छता और बेहतर जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए गोबर निस्तारण पर कड़े निर्देश जारी किए गए। महापौर ने कहा कि गोबर इधर-उधर न फैले, इसके लिए चिन्हित स्थानों पर तुरंत बाउंड्री बनाई जाए ताकि नालियां चोक न हों और परिसर साफ-सुथरा रहे। इलाज के लिए तैनात होंगे अतिरिक्त चिकित्सक
बीमार और कमजोर गोवंश को समय पर बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए गौशाला में अतिरिक्त पशु चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पशु की सेहत की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर सप्ताह चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
कान्हा उपवन में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए हर हफ्ते विशेष सफाई अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। कचरा निस्तारण और पानी की निकासी पर अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। सुंदरासी नंदीशाला का जल्द होगा लोकार्पण
सुंदरासी में तैयार की गई नंदीशाला का लोकार्पण जल्द कराया जाएगा, जिससे नंदी गोवंश को अलग और व्यवस्थित आश्रय मिल सके। महापौर ने स्पष्ट किया कि गोवंश को समय पर भोजन, शुद्ध पेयजल और सुरक्षित वातावरण देना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है।

