कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रा के दौरान परिवार से बिछड़े 17 साल के किशोर को GRP ने करीब आधे घंटे में तलाश कर लिया। किशोर के भाई ने थाने पहुंचकर उसके लापता होने की सूचना दी थी। मंगलवार दोपहर करीब 3:55 बजे पुलिस ने किशोर को सुरक्षित उसके भाई चंकी सोनी के सुपुर्द कर दिया। GRP प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत टीम स्टेशन पर यात्रियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गुमटी नंबर-5 निवासी चंकी सोनी थाने पहुंचे और बताया कि यात्रा के दौरान उनका 17 वर्षीय भाई उनसे बिछड़ गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। CCTV से शुरू की किशोर की तलाश सूचना मिलते ही GRP ने किशोर की तलाश शुरू की। टीम ने RPF कंट्रोल रूम से संपर्क कर स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही किशोर के हुलिए और पहने हुए कपड़ों की जानकारी लेकर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उसकी तलाश की गई। प्लेटफॉर्म 8/9 पर मिला किशोर लगातार खोजबीन के बाद करीब आधे घंटे में GRP टीम को किशोर प्लेटफॉर्म नंबर 8/9 पर मिल गया। पुलिस उसे थाने लेकर पहुंची और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके भाई चंकी सोनी को सौंप दिया। किशोर के सुरक्षित मिलने पर उसके भाई ने GRP की कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार जताया। अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बिछड़े बच्चों और किशोरों को उनके परिवार से मिलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

