कानपुर में 8.295 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार:नाबालिग उम्र में भी चोरी के मामले में जेल गई थी

कानपुर में 8.295 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार:नाबालिग उम्र में भी चोरी के मामले में जेल गई थी

कानपुर की रेलबाजार पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ट्रॉली बैग और पीठू बैग में छिपाकर रखे 8.295 किलोग्राम गांजे के चार पैकेट मिले हैं। पुलिस ने गुरुवार दोपहर 2:30 बजे महिला को कोर्ट में पेश कर कानूनी कार्रवाई की। कैंट एसीपी ने बताया कि गुरुवार को शिव नारायण टंडन पुल के पास संदिग्ध लोगों और गाड़ियों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक महिला पैदल आ रही थी। वह पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़ी और तेजी से निकलने की कोशिश करने लगी। शक होने पर महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे रोका गया और नियमों के हिसाब से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के ट्रॉली बैग और पीठू बैग से चार पैकेट मिले। पुलिस के मुताबिक, पैकेट खोलने पर उनमें से गांजे जैसी तेज गंध आ रही थी। वजन करने पर कुल 8.295 किलोग्राम गांजा निकला। आरोपी महिला की पहचान शाहजहांपुर के अजीतगंज की रहने वाली 22 साल की चांदनी जोशी के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में चांदनी जोशी ने बताया कि वह यह गांजा भुवनेश्वर, ओडिशा से लेकर आ रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे कोर्ट में पेश किया गया है। पूछताछ में यह भी पता चला कि वर्ष 2019 में जब चांदनी नाबालिग थी, तब उसके मोहल्ले के एक घर में चोरी हुई थी। उस मामले में उसका नाम सामने आया था और उसे जेल भेजा गया था। करीब एक साल बाद वह जमानत पर बाहर आई थी। नाबालिग होने के कारण उस समय मामले की कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय व्यवस्था के तहत हुई थी। महिला के पास इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या वह किसी बड़े तस्करी गिरोह का हिस्सा है या खुद ही यह मादक पदार्थ लेकर आई थी। मामले की आगे की जांच और कोर्ट की कार्रवाई के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो पाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *