कानपुर के गोविंद नगर में शुक्रवार शाम बिजली का फाल्ट ठीक करने पोल पर चढ़े केस्को के संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद साथी कर्मचारी उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोविंद नगर थाना प्रभारी के मुताबिक, अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। साथी कर्मचारी के साथ फाल्ट ठीक करने पहुंचे थे उन्नाव के औरास निवासी 48 वर्षीय लाला केस्को में संविदा कर्मचारी थे। उनकी तैनाती गोविंद नगर के उद्योग कुंज केस्को क्षेत्र में थी। परिवार में पत्नी सुमन, बेटा विकास और बेटी वैष्णवी हैं। बेटे विकास ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गोविंद नगर में बिजली का फाल्ट हुआ था। विभाग को सूचना मिलने के बाद उनके पिता साथी कर्मचारी के साथ साढ़े 5 बजे के करीब मौके पर पहुंचे। मरम्मत के लिए लाला बिजली के पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक बिजली की सप्लाई शुरू हो गई और वह करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। निजी अस्पताल से हैलट ले गए साथी कर्मचारी हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारी और मौके पर मौजूद लोग लाला को पास के निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साथी कर्मचारी ने फोन कर परिवार को घटना की जानकारी दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों में बेटे विकास और अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शुरू की जांच परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। गोविंद नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों और परिजनों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

