गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा, साकेत नगर, कानपुर में शनिवार को धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष दीवान में बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब की स्त्री सत्संग सभा एवं संगत द्वारा श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुआ। इसके उपरांत हज़ूरी रागी भाई रकम सिंह एवं साथियों ने संगत के साथ मधुर एवं भक्तिमय स्वर में श्री आनंद साहिब की संपूर्ण 40 पौड़ियों का कीर्तनमय पाठ किया, जिससे पूरा दीवान गुरुबाणी की रसधारा से सराबोर हो गया। इसके पश्चात ग्रंथी भाई रणवीर सिंह ने समस्त मानव जाति के कल्याण एवं सरबत के भले की अरदास की। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार अवतार सिंह भाटिया ने संगत को प्रथम प्रकाश पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। जनरल सेक्रेटरी सरदार मनजीत सिंह चड्ढा ने कार्यक्रम में पधारी समस्त संगत का आभार व्यक्त किया। दीवान की समाप्ति के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंह नीटा, सुरिंदर सिंह कालड़ा, गुरविंदर सिंह वासू, गुरमीत सिंह, मनजीत सिंह ठुकराल, कुलजीत सिंह, सुरजीत सिंह चड्ढा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

