कानपुर में कार ने साइकिल सवार छात्र को कुचला:पहिए में फंसकर 20 मीटर तक घिसटा, सड़क किनारे छोड़कर भागा

कानपुर में कार ने साइकिल सवार छात्र को कुचला:पहिए में फंसकर 20 मीटर तक घिसटा, सड़क किनारे छोड़कर भागा

कानपुर में साइकिल सवार छात्र को एक कार ने कुचल दिया। छात्र साइकिल समेत कार के पिछले पहिए में फंस गया। कार रुकी नहीं, आगे बढ़ती गई। छात्र उसमें फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो ड्राइवर कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास स्थित कैलाश विहार कॉलोनी का है। घटना बुधवार की शाम करीब 7 बजे हुई। इसका सीसीटीवी फुटेज गुरुवार की शाम 6 बजे सामने आया है। 3 तस्वीर देखिए…
हाथ देकर रोकी साइकिल, फिर भी चढ़ा दी कार आवास विकास कैलाश विहार के रहने वाले संदीप तिवारी एक कंपनी में काम करते हैं। उनके पिता पुलिस इंस्पेक्टर पद से 2008 में रिटायर हो चुके हैं। परिवार में उनकी पत्नी प्रियंका और दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी 12वीं की छात्रा है। छोटा बेटा आदि तिवारी (13) एस्कॉर्ट वर्ल्ड स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। संदीप तिवारी ने बताया कि बुधवार शाम वह किसी काम से उन्नाव गए हुए थे। घर पर पत्नी और बच्चे थे। शाम करीब सात बजे आदि घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तभी एक कार कार से उसकी ओर आती दिखाई दी। बच्चे ने साइकिल रोककर हाथ से संकेत भी दिया, लेकिन ड्राइवर ने कार नहीं रोका और सीधे उस पर कार चढ़ा दी। उन्होंने बताया टक्कर के बाद आदित साइकिल सहित कार के पिछले पहिए में फंस गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार दौड़ा दी, जिससे बच्चा सड़क पर घिसटता चला गया। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर कार का पीछा किया। भीड़ जुटती देख चालक कार छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर घटना की जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में कार की टक्कर और बच्चे के घिसटने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन के मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।
घायल छात्र के पिता संदीप तिवारी ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने बच्चे को देखकर भी कार नहीं रोका। जानबूझकर उसे कुचलने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बोली, चालक की तलाश जारी
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि, जिस कार से टक्कर लगी है, उसे कब्जे में ले लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर फरार ड्राइवर की पहचान की जा रही है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ————-
यह खबर भी पढ़िए… पिता की लाश से अंगूठा लगवाकर 3-करोड़ की जमीन हड़पी:लखनऊ में बेटे-बहू को बेदखल किया, तीन बेटियों को प्रॉपर्टी देने को कहा था लखनऊ में पिता की मौत के बाद इकलौते बेटे ने अंगूठा लगवाकर तीन करोड़ की जमीन हड़प ली। उसने इस काम को करने में अपने चचेरे भाई को भी शामिल किया। पिता के शव के अंतिम संस्कार से पहले बेटे ने सादे कागज पर उनका अंगूठा लगवा लिया। गांववालों ने 9 जुलाई को आरोपी बेटे का वीडियो बना लिया था, जो आज गुरुवार को सामने आया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *