कानपुर इस्कॉन मंदिर में झूलन यात्रा शुरू:राधा-माधव फूलों के निकुंजों में विराजे, 28 अगस्त तक भक्त झुला सकेंगे झूला

कानपुर इस्कॉन मंदिर में झूलन यात्रा शुरू:राधा-माधव फूलों के निकुंजों में विराजे, 28 अगस्त तक भक्त झुला सकेंगे झूला

शहर के इस्कॉन मंदिर में प्रेम, भक्ति और आनंद के प्रतीक झूलन यात्रा महोत्सव का रविवार को भक्तिमय माहौल में भव्य शुभारंभ हुआ। पवित्रोपन एकादशी के मौके पर शुरू हुए इस उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री श्री राधा माधव के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया। यह महोत्सव 28 अगस्त (श्री बलराम पूर्णिमा) तक चलेगा। महोत्सव के लिए मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से वृंदावन के निकुंजों की तर्ज पर सजाया गया है। सुंदर फूलों, फलों और लताओं से सुसज्जित झूले पर विराजमान श्री श्री राधा माधव की मनोहारी झांकी हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हर साल इस्कॉन द्वारा दुनिया भर में झूलन यात्रा का आयोजन किया जाता है, जो भगवान श्री कृष्ण और श्रीमती राधारानी के मधुर प्रेम और लीलाओं का प्रतीक है। मृदंग और करताल की गूंज, संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु समारोह के दौरान पूरा मंदिर परिसर हारमोनियम, मृदंग और करताल की मधुर ध्वनियों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा वातावरण कृष्ण-भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने शहरवासियों से इस दिव्य उत्सव में शामिल होने की अपील की है। 28 अगस्त तक रोज शाम 7 बजे से झुला सकेंगे झूला मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 28 अगस्त तक हर शाम 7 बजे से झूलन उत्सव आयोजित किया जाएगा, जहां आम श्रद्धालु भी भगवान को झूला झुला सकेंगे। 28 अगस्त को ही भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई श्री बलराम जी का प्राकट्य उत्सव (बलराम जयंती) भी बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। 3 से 6 सितंबर तक चार दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव झूलन यात्रा के साथ ही इस्कॉन मंदिर में आगामी जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। 3 से 6 सितंबर 2026 तक चार दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी और 5 सितंबर को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *