कानपुर अस्पताल से युवक की बाइक चोरी:बीमार साली को देखने गया था, 50 मिनट में मोटरसाइकिल गायब; CCTV में कैद

कानपुर अस्पताल से युवक की बाइक चोरी:बीमार साली को देखने गया था, 50 मिनट में मोटरसाइकिल गायब; CCTV में कैद

कानपुर के रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल परिसर में शुक्रवार दोपहर बाइक चोर ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए स्पोर्ट्स बाइक पार कर दी। चकेरी के शिव नगर निवासी दिलीप यादव अपनी बीमार साली को देखने अस्पताल पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अपनी बाइक परिसर में खड़ी की और अंदर चले गए। करीब 50 मिनट बाद लौटे तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं लगा। उन्होंने घटना की जानकारी रात 10 बजे दी। शिवनगर निवासी प्राइवेटकर्मी दिलीप के मुताबिक, अस्पताल में उनकी बड़ी साली भर्ती हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह स्पोर्ट्स बाइक से उन्हें देखने पहुंचे थे। बाइक अस्पताल के इमरजेंसी के सामने खड़ी करने के बाद वह अंदर चले गए। करीब 12:50 बजे बाहर लौटे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। पहले उन्होंने अस्पताल परिसर और आसपास काफी तलाश की। मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक संदिग्ध युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने का रास्ता और उसकी पहचान स्पष्ट हो सके। वहीं इस घटना ने कांशीराम अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की जानकारी रात करीब 10 बजे पुलिस को दी और बाइक बरामद करने की मांग की। बाइक चोरी होने से अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *