कांशीराम के 20वें महापरिनिर्वाण दिवस पर 9 अक्टूबर को बसपा अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। कांशीराम स्मारक स्थल (पुरानी जेल रोड, आलमबाग) पर बसपा के करीब एक लाख से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। यहां प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की अगुवाई में श्रद्धांजलि सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। बसपा प्रमुख मायावती खुद भतीजे आकाश आनंद के साथ प्रदेश कार्यालय में कांशीराम को श्रद्धांजलि देंगी। जबकि दूसरे भतीजे ईशान अपने पिता आनंद कुमार, राजाराम सहित अन्य लोगों के साथ दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होंगे। बसपा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 9 बजे बसपा प्रमुख मायावती लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगी और यहां कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यहां उनके साथ पार्टी में फिर से वापस आए आकाश आनंद भी नजर आ सकते हैं। पार्टी कार्यालय के बाहर और कार्यक्रम स्थल पर मायावती के साथ आकाश के भी होर्डिंग लगाए गए हैं। 10 बजे से कांशीराम स्मारक पर होगा आयोजन मायावती के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सुबह 10 बजे कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें विश्वनाथ पाल के साथ पार्टी के पूर्व सांसद, विधायक, मंत्री और दूसरे पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। 15 हजार समर्थक शाम को ही पहुंच गए। ये पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ता हैं। इसके अलावा बसपा की ओर से घोषित प्रत्याशी भी बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पहुंच रहे हैं। दिल्ली में राष्ट्रीय संयोजक ईशान आनंद रहेंगे मौजूद दिल्ली प्रदेश इकाई ने भी 9 अक्टूबर को गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित बहुजन प्रेरणा केंद्र पर पुष्पांजलि कार्यक्रम की अनुमति पुलिस से मांगी है। यहां करीब 500 कार्यकर्ता और 100 वालंटियर्स रहेंगे। राष्ट्रीय संयोजक ईशान आनंद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार, राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव समेत नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

