कांग्रेस प्रत्याशी समेत 4 पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज:महिला का आरोप- स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार करते हैं

कांग्रेस प्रत्याशी समेत 4 पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज:महिला का आरोप- स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार करते हैं

चित्तौड़गढ़ में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार और महिलाओं की खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर मामला दर्ज हुआ है। मामले में कांग्रेस प्रत्याशी सहित चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। हालांकि प्रत्याशी ने इन आरोपों को चुनावी समय में उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने लगाए संगठित गिरोह चलाने के आरोप
पुलिस को दी रिपोर्ट में महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति, अपने तीन दोस्त के साथ मिलकर देह व्यापार से जुड़ी अनैतिक गतिविधियां करता है। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि स्पा सेंटर की आड़ में महिलाओं और लड़कियों को लाने-ले जाने का काम किया जा रहा था। उसने पुलिस को कुछ चैट, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य देने का भी दावा किया है। शिकायत में महिला का आरोप है कि इस गतिविधि में चित्तौड़गढ़, उदयपुर सहित अन्य शहरों से महिलाओं को लाने और उन्हें गलत कामों में शामिल करने का नेटवर्क चलाया जा रहा था। महिला ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में एक डायरी होने का भी जिक्र किया गया है, जिसमें कथित रूप से इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी होने का दावा किया गया है। पॉक्सो और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं, पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच सीओ चित्तौड़गढ़ को सौंपी गई है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, दस्तावेजों और उपलब्ध कराए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। प्रत्याशी बोले- पुराने विवाद के चलते लगाया गया झूठा आरोप
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी ने पूरे मामले को गलत बताते हुए कहा कि महिला उनके मित्र की पत्नी रही हैं और उनके परिवारों के बीच लंबे समय से संबंध रहे हैं। महिला के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी ने एक साल पहले ही मामला दर्ज करवा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से चल रहे विवाद के कारण उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह मामला दर्ज कराया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। साथ ही कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने दावा किया कि महिला के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं और उन्हीं विवादों के चलते यह शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल के बीच उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए यह शिकायत की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *