चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में टिडियासर टोल नाके के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार फाइनेंसकर्मी अजय महलावत (32) की मौत हो गई। वह कलेक्शन का काम पूरा कर लौट रहे थे, तभी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अजय को मौके पर मौजूद लोग निजी गाड़ी से सरकारी जालान अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के जीजा की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलेक्शन कर लौटते समय हुआ हादसा रतनगढ़ थानाधिकारी संदीप बिष्नोई ने बताया कि नागौर जिले के मकराना-परबतसर क्षेत्र निवासी ताराचंद सांसी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनके साले अजय महलावत एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। वह कलेक्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान टिडियासर टोल नाके के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि अजय को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग अजय को तुरंत निजी गाड़ी से सरकारी जालान अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रतनगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बुधवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के जीजा की रिपोर्ट के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

