बड़वानी जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर जयति सिंह रविवार दोपहर अचानक अस्पताल पहुंची। उन्होंने विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों और भर्ती बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली, जो जांच में संतोषजनक पाई गईं। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखना और मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कुपोषण निवारण के लिए संचालित न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (NRC) के रेनोवेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर समय सीमा में भवन हैंडओवर करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि भर्ती बच्चों को समय पर बेहतर पोषण और स्वास्थ्य लाभ मिल सके। एसएनसीयू वार्ड में बच्चों की देखभाल का लिया जायजा कलेक्टर जयति सिंह ने गहन शिशु चिकित्सा इकाई (SNCU) वार्ड पहुंचकर नवजात शिशुओं और भर्ती बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति व उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वहां तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बच्चों की देखभाल को लेकर सीधे चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर, मुख्य अधिकारी रहे मौजूद अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का मुआयना करते हुए कलेक्टर ने नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिलना स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जयपाल ठाकुर और सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना उपस्थित रहे। कलेक्टर के निर्देशों पर अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर अमल करने का भरोसा दिलाया।

