कर्नाटक मंत्री सतीश जारकीहोली के ठिकानों पर ED रेड:सांसद बेटी के घर समेत 18 जगहों पर तलाशी; मनी लॉन्ड्रिंग केस, पैसे विदेश भेजने का आरोप

कर्नाटक मंत्री सतीश जारकीहोली के ठिकानों पर ED रेड:सांसद बेटी के घर समेत 18 जगहों पर तलाशी; मनी लॉन्ड्रिंग केस, पैसे विदेश भेजने का आरोप

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कर्नाटक के PWD मंत्री सतीश जारकीहोली, उनकी बेटी और सांसद प्रियंका जारकीहोली समेत कुछ अन्य लोगों से जुड़े 18 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। अधिकारियों के मुताबिक, ED विदेशों में अवैध तरीके से पैसे भेजे जाने से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पैसा कहां से आया और विदेश तक कैसे पहुंचा। ED ने कुछ इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों के साथ समन्वय कर एक साथ कई जगहों पर तलाशी शुरू की। इनमें सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। टीमों ने दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले। प्रियंका चिक्कोडी लोकसभा सीट से सांसद हैं। तीन महीने पहले मंत्री के बहनोई के ठिकानों पर हुई थी रेड इस कार्रवाई से करीब तीन महीने पहले 24 जून को ED ने आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर वाईडी मंजूनाथ के बेलगावी स्थित आवास पर छापेमारी की थी। मंजूनाथ, सतीश जारकीहोली के बहनोई हैं। उस समय उनके करीबी लोगों और रिश्तेदारों से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई थी।जून की कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में हुई थी। यह मामला लोकायुक्त की FIR से जुड़ा था, जिसमें रिश्वत और संपत्ति से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही थी। मौजूदा कार्रवाई पुराने मामले से अलग ED के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बुधवार की कार्रवाई नई जांच के तहत है। इसका वाईडी मंजूनाथ से जुड़े पुराने मामले से संबंध नहीं है। फिलहाल एजेंसी ने विदेशी लेनदेन से जुड़ी रकम या जांच में सामने आए अन्य लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *