करनाल में तीन जगह हुई वारदाते:ग्रीन बेल्ट, खेत और पब्लिक हेल्थ ट्यूबवेल को बनाया निशाना

करनाल में तीन जगह हुई वारदाते:ग्रीन बेल्ट, खेत और पब्लिक हेल्थ ट्यूबवेल को बनाया निशाना

करनाल जिले में चोरी की तीन अलग-अलग वारदात सामने आई हैं। करनाल के सेक्टर-13 की ग्रीन बेल्ट में सरकारी सीवर लाइन के काम के लिए खड़ी मशीनों से जनरेटर की बैटरी और मोटर की तार चोरी हो गई। वहीं असंध क्षेत्र में एक किसान के खेत स्थित ट्यूबवेल से 40 फुट समर्सिबल केबल और गांव मुंड के पब्लिक हेल्थ ट्यूबवेल नंबर-1 से करीब 60 फुट मोटर केबल चोरी कर ली गई। तीनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-13 में पहले भी चोरी, अब बैटरी और तार ले गए
सेक्टर-13 पुलिस चौकी में दी शिकायत में घोघड़ीपुर फाटक डिंगा खेड़ा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह करीब 20-25 दिन से सेक्टर-13 की ग्रीन बेल्ट में चौकीदारी कर रहा है। यहां सीबीडी सीवर लाइन का सरकारी काम चल रहा है। काम के लिए जनरेटर और अन्य मशीनें मौके पर खड़ी रहती हैं। मनोज के अनुसार करीब 2-3 दिन पहले भी मशीनों के कुछ लोहे के पार्ट चोरी हुए थे। अब रात के समय अज्ञात चोर जनरेटर की बैटरी और मोटर की तार चोरी कर ले गए। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बीती रात शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई विनोद को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहड़ा में खेत के ट्यूबवेल से 40 फुट केबल चोरी
असंध थाना क्षेत्र के गांव राहड़ा निवासी जल सिंह ने पुलिस को बताया कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खेत में लगे ट्यूबवेल से 40 फुट की समर्सिबल केबल चोरी कर ली। अगले दिन सुबह खेत में पहुंचने पर उसे चोरी का पता चला। उसने आसपास के क्षेत्र में अपने स्तर पर चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जल सिंह ने 3 सितंबर को पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना असंध में केस दर्ज किया। मुंड में पब्लिक हेल्थ के ट्यूबवेल की 60 फुट तार काटी
तीसरी वारदात गांव मुंड में पब्लिक हेल्थ के ट्यूबवेल नंबर-1 पर हुई। यहां मुंड निवासी ऑपरेटर जगदीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि कल वह पानी की सप्लाई देने के बाद वहां से चला गया था। दोबारा जब वह वापस लौटा तो ट्यूबवेल की मोटर की केबल तार कटी हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर करीब 60 फुट केबल तार काटकर ले गए। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। जगदीश ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की। असंध पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *