जौनपुर में सिरकोनी क्षेत्र के कबूलपुर बाजार में श्री दया नारायण लीला समिति के तत्वावधान में रामलीला का आयोजन किया गया। मंगलवार रात कलाकारों ने अशोक वाटिका उजाड़ने, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन के प्रसंगों का मंचन किया। रामलीला में दिखाया गया कि माता सीता की तलाश करते हुए हनुमान लंका पहुंचे और अशोक वाटिका में उन्हें एक पेड़ के नीचे बैठे देखा। माता सीता भगवान श्रीराम से मिलने के लिए व्याकुल थीं। हनुमान ने उनके पास पहुंचकर अपना परिचय दिया और प्रभु श्रीराम का संदेश सुनाया। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने माता सीता को श्रीराम की अंगूठी दी और कहा कि प्रभु जल्द ही उन्हें रावण की कैद से मुक्त कराने आएंगे। इसके बाद माता सीता ने अपनी चूड़ामणि हनुमान को सौंपते हुए उसे श्रीराम तक पहुंचाने का आग्रह किया। इन प्रसंगों के मंचन ने रामलीला में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

