Kanya Pujan Thali Decoration Ideas: नवरात्रि के आखिरी दो दिनों में कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। इन दिनों व्रत रखने वाले कुछ लोग पारण करने के साथ ही हवन और कन्या पूजन भी करते हैं। इसके लिए खास तौर पर काले चने, हलवा और पूरी का प्रसाद बनाया जाता है। कन्याओं का स्वागत करने के बाद उन्हें भोजन कराया जाता है और विदा करने से पहले पैसे और इस्तेमाल की दूसरी चीजें उपहार में दी जाती हैं। आइए जानते हैं कि कन्या पूजन के लिए थाली कैसे सजा सकते हैं और कन्याओं को गिफ्ट में देने के लिए थाली को कैसे डेकोरेट कर सकते हैं।
बेटी के लिए नवसंकल्प गाइड: नवरात्रि विशेष में पढ़िए बेटी के भविष्य से जुड़े नौ संकल्प…
कन्या पूजन के लिए ऐसे सजाएं थाली
कन्या पूजन के लिए थाली सजाने में आप रंगों, फूलों और कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप रंगों से थाली सजाना चाहते हैं, तो गहरे लाल, पीले और नारंगी जैसे रंगों से अपनी पसंद का डिजाइन बना सकते हैं। वहीं, कपड़े से सजाने के लिए सबसे पहले थाली के बेस पर रंगीन कपड़ा ग्लू की मदद से चिपका दें। इसके बाद किनारों पर लटकन वाली या फैंसी लेस लगा सकते हैं।
अगर आप फूलों से थाली सजाना चाहते हैं, तो अलग-अलग रंगों के फूलों की पंखुड़ियों से सुंदर रंगोली जैसा डिजाइन बना सकते हैं। इसके बाद छोटी-छोटी कटोरियों में रोली, चावल, हल्दी और चंदन रखें। मौली और सिक्का रखने के लिए एक छोटी प्लेट भी रख सकते हैं। इस तरह कन्याओं का स्वागत करने और टीका लगाने के लिए आपकी थाली तैयार हो जाएगी।
प्रसाद परोसने के लिए ऐसे सजाएं थाली
कन्या पूजन में पूरी, हलवा और काले चने का प्रसाद खास माना जाता है। इन्हें एक ही प्लेट में रखने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में परोसें। हलवे को छोटी कटोरी में रखें, चने के लिए दूसरी कटोरी लें और पूरियों को प्लेट के एक हिस्से में सजाएं। इससे भोजन साफ-सुथरा दिखेगा और बच्चियों को खाने में भी आसानी होगी। अगर आप अलग-अलग कटोरियों का इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं, तो ऐसी थाली भी खरीद सकती हैं जिसमें खाने की चीजें रखने के लिए अलग-अलग हिस्से बने हों। इसके अलावा, आप केले के साफ पत्तों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
कन्याओं को पैक करके दें भोजन
कई बार एक ही दिन में कन्या पूजन होने की वजह से कन्याएं पूरा भोजन नहीं कर पाती हैं। ऐसे में आप ढक्कन वाली थाली खरीद सकती हैं, जिसमें खाने के लिए अलग-अलग हिस्से बने हों। कन्याएं जितना भोजन नहीं खा पाती हैं, उसे पैक करके अपने साथ घर ले जा सकती हैं और बाद में भूख लगने पर खा सकती हैं। इसके अलावा, ऐसी थाली का इस्तेमाल करने से एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लेटों की जरूरत भी कम हो सकती है। इसके लिए स्टील की ऐसी थाली या कंटेनर चुन सकती हैं, जिन्हें साफ करके दोबारा इस्तेमाल किया जा सके।
कन्याओं के लिए तैयार करें छोटा सरप्राइज पैक
पूजा के बाद बच्चियों को देने के लिए अलग-अलग चीजों का छोटा सा गिफ्ट पैक तैयार कर सकते हैं। इसमें पेंसिल, रबर, शार्पनर, रंग भरने वाली छोटी किताब या हेयर क्लिप रख सकते हैं। मिठाई या चॉकलेट देना चाहें, तो उसे भी पैक में शामिल करें। ध्यान दें, हर बच्ची के लिए एक जैसा पैक तैयार करने से सामान बांटना आसान रहेगा। पैकिंग के लिए रंगीन कागज या कपड़े की छोटी थैली इस्तेमाल कर सकते हैं और ऊपर से रिबन बांध सकते हैं।

