कटिंग बोर्ड, माइक्रोवेव, दरवाजे और जंग के दाग तक, नींबू से ऐसे करें घर की चीजों की सफाई

कटिंग बोर्ड, माइक्रोवेव, दरवाजे और जंग के दाग तक, नींबू से ऐसे करें घर की चीजों की सफाई

Home Cleaning Tips: किचन या घर की सफाई के लिए हमेशा महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद चीजों से भी कई छोटी मोटी सफाई की जा सकती है। अगर आप केमिकल वाले क्लीनर की जगह घरेलू चीजों का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो नींबू और नमक की मदद से भी कुछ चीजों की सफाई कर सकते हैं। आइए जानते हैं इनके इस्तेमाल से किन चीजों की सफाई की जा सकती है और इस दौरान किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

कटिंग बोर्ड की सफाई

कटिंग बोर्ड का रोजाना किचन में इस्तेमाल होने से इस पर खाने के दाग के साथ ही गंध भी आने लगती है। ऐसे में खाने की गंध और हल्के दाग हटाने के लिए बोर्ड पर थोड़ा नमक डालकर कटे हुए नींबू से करीब एक मिनट तक हल्के हाथ से रगड़ें और फिर पानी से धो लें। ध्यान दें, अगर बोर्ड पर चिकन, मांस या मछली काटी गई है तो इसे गर्म पानी और साबुन से अच्छी तरह धोना जरूरी है।

माइक्रोवेव की सफाई

माइक्रोवेव में खाना गर्म करने से अंदर खाने के छींटे और दाग जम जाते हैं। इन्हें साफ करने के लिए माइक्रोवेव में रखने वाली कटोरी में पानी और नींबू के टुकड़े डालकर करीब 3 मिनट गर्म करें और फिर कुछ मिनट दरवाजा बंद रहने दें। इसके बाद मुलायम कपड़े से अंदर की गंदगी को पोंछ लें।

नल पर जमे पानी के निशान

नल पर पानी के निशान और हल्की गंदगी जमने से इसकी चमक कम हो जाती है। ऐसे में आधे नींबू से नल को हल्के हाथ से रगड़ें और कुछ मिनट बाद पानी से धोकर कपड़े से पोंछ दें। ज्यादा गंदगी होने पर नींबू के रस में भिगोया कपड़ा कुछ देर उस जगह पर रख दें, इसके बाद पानी से साफ करें।

सिंक की सफाई

किचन के सिंक में रोजाना बर्तन और खाना धोने से गंदगी जमा होने लगती है। ऐसे में नींबू और थोड़ा बेकिंग सोडा लगाकर सिंक को हल्के हाथ से रगड़ें और फिर पानी से धो लें। ज्यादा जोर से रगड़ने से स्टील पर खरोंच आ सकती है, इसलिए हल्के हाथ से साफ करें।

टाइल के बीच की गंदगी

टाइल के बीच गंदगी जमा होने से फर्श और दीवार दोनों गंदे नजर आने लगते हैं। इसे साफ करने के लिए थोड़े नींबू के रस और नमक का पेस्ट बनाकर गंदगी वाली जगह पर लगाएं और कुछ मिनट बाद मुलायम ब्रश से साफ करके पानी से धो लें। ध्यान दें, हर तरह की टाइल पर नींबू का इस्तेमाल सही नहीं होता, इसलिए पहले छोटी जगह पर जांच कर लें।

तांबे और पीतल की सफाई

तांबे और पीतल की चीजों पर समय के साथ पुरानी परत जमने लगती है, जिससे उनकी चमक कम हो जाती है। ऐसी चीजों पर आधे नींबू में थोड़ा नमक लगाकर हल्के हाथ से रगड़ से रगड़कर साफ किया जा सकता है।

कांच के दरवाजे की सफाई

कांच के दरवाजे पर पानी के निशान और हल्की गंदगी जमने से यह साफ नजर नहीं आता। ऐसे में आधे नींबू से कांच को हल्के हाथ से रगड़ें और फिर पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ दें। अगर कांच पर कोई खास कोटिंग लगी है तो नींबू इस्तेमाल करने से पहले कंपनी की सफाई वाली सलाह जरूर देखें।

जंग के दाग

सफेद कपड़ों पर जंग के हल्के दाग लग जाएं तो इन्हें हटाने के लिए नींबू और नमक का इस्तेमाल किया जाता है। इसे कपड़े पर लगाने से पहले किसी छिपी हुई जगह पर थोड़ी मात्रा लगाकर जांच कर लें। साथ ही कपड़े के लेबल पर दी गई सफाई की जानकारी जरूर देखें, क्योंकि हर कपड़े पर इसका असर एक जैसा नहीं होता।

प्लास्टिक के डिब्बों की सफाई

प्लास्टिक के डिब्बे में दाल या सब्जी रखने से कई बार दाग आसानी से साफ नहीं होते। ऐसे में आधे नींबू पर थोड़ा नमक लगाकर दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ें और कुछ मिनट बाद पानी से धो लें।

हाथों से आने वाली गंध हटाने के लिए

प्याज, लहसुन या मछली काटने के बाद हाथों में उनकी गंध रह जाती है। इसे कम करने के लिए हाथों पर नींबू का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अगर हाथ पर कट या जलन है तो नींबू न लगाएं। इसके अलावा नींबू का रस लगाने के बाद हाथों को धूप में रखने से भी बचें, क्योंकि कुछ लोगों की त्वचा पर जलन या दाने हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *