कटनी में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 किलो 790 ग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पौधे बिक्री के उद्देश्य से उगाए गए थे। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बुधवार देर शाम कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम निवार निवासी अनिल गोस्वामी के घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर अनिल गोस्वामी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और सशस्त्र बल की टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया। बाड़ी से 30.790 किलो गांजे के पौधे जब्त पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अनिल ने बताया कि उसने बिक्री के उद्देश्य से बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए थे। पुलिस ने मौके से 30 किलो 790 ग्राम ताजे हरे गांजे के पौधे जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निवार, थाना माधवनगर निवासी अनिल गोस्वामी (19), पिता राम राज गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है।


