Anjali Arora Legal Action: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा एक बार फिर विवादों में हैं। कानपुर में 15 अक्टूबर को हुए एक इवेंट के दौरान डीजे पर उनका वायरल गाना ‘कच्चा बादाम’ बजने के बाद कथित तौर पर वह नाराज हो गईं। अब इवेंट के आयोजकों ने अंजलि पर जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया देने, कार्यक्रम में बाधा डालने और घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर शहर की छवि खराब करने के आरोप लगाए हैं। आयोजकों ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। फिलहाल, अंजलि की ओर से इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
‘पब्लिसिटी स्टंट’ था पूरा मामला? आयोजकों ने लगाए आरोप
‘स्टेट मीडिया 24’ से बातचीत में एक आयोजक ने दावा किया कि अंजलि ने इस मामले को पब्लिसिटी स्टंट में बदल दिया। उनके मुताबिक, आयोजकों को पहले से यह जानकारी नहीं थी कि ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने पर अंजलि को आपत्ति हो सकती है। उन्होंने बताया कि यह गाना इसलिए बजाया गया था, क्योंकि इसी पर डांस वीडियो वायरल होने के बाद अंजलि को पहचान मिली थी।
आयोजक ने कहा कि मंच की अपनी गरिमा होती है और अगर कार्यक्रम के दौरान कोई परेशानी हुई थी, तो उसे बाद में मैनेजमेंट टीम के साथ बैठकर सुलझाया जा सकता था। उनका आरोप है कि अंजलि ने मामले को सार्वजनिक करने में जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया दी।
40-60 मिनट की परफॉर्मेंस, 15 मिनट में छोड़ दिया मंच?
आयोजक के अनुसार, अंजलि की परफॉर्मेंस के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए थे। कार्यक्रम में उनका प्रदर्शन करीब 40 से 60 मिनट तक चलना था, लेकिन आयोजक का दावा है कि अंजलि ने मंच पर हंगामा किया और महज 15 मिनट में वहां से चली गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवहार से कार्यक्रम में बाधा आई। हालांकि, ये आयोजकों की ओर से लगाए गए आरोप हैं। इस मामले में अंजलि का पक्ष सामने आना बाकी है।
आयोजकों ने किया दावा कानपुर में पहले भी हुई थी ऐसी घटना
आयोजक ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले कानपुर में अंजलि के एक अन्य कार्यक्रम के दौरान भी ऐसी ही घटना हुई थी। उन्होंने इन्फ्लुएंसर पर आरोप लगाया कि उन्होंने जानबूझकर इस बार के कार्यक्रम से जुड़े वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिससे शहर की बदनामी हुई।
आयोजक ने सवाल उठाया कि अंजलि ने यह स्पष्ट किए बिना ही कार्यक्रम छोड़ दिया कि ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने पर उन्हें आखिर आपत्ति क्यों हुई। उन्होंने इस पूरे मामले में अंजलि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। अंजलि अरोड़ा सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ गाने पर डांस वीडियो वायरल होने के बाद काफी लोकप्रिय हुई थीं। अब उसी गाने को लेकर कानपुर के इवेंट में हुए कथित विवाद ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि गाना बजने पर अंजलि ने नाराजगी क्यों जताई थी। उनकी ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने के बाद ही उनका पक्ष साफ हो सकेगा।


FIR CASE ON ANJALI ARORA 