कंटेस्टेंट के ब्रेस्ट कैंसर के खुलासे के बाद समय रैना ने छीना दीपक कलाल से माइक, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का वीडियो हुआ वायरल

कंटेस्टेंट के ब्रेस्ट कैंसर के खुलासे के बाद समय रैना ने छीना दीपक कलाल से माइक, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का वीडियो हुआ वायरल

Samay Raina On Breast Cancer: समय रैना और दीपक कलाल का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है। ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के नए एपिसोड में कंटेस्टेंट कार्तिका जलानी ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद निजी अनुभव साझा किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह कैंसर से जूझ चुकी हैं और फिलहाल उनका इलाज जारी है। कार्तिका की बात सुनते ही समय रैना ने दीपक कलाल से उनका माइक ले लिया। इस दौरान स्टूडियो में मौजूद लोगों की हंसी भी छूट गई।

कार्तिका ने बताई कैंसर से जुड़ी अपनी कहानी

‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का यह एपिसोड समय रैना के यूट्यूब चैनल पर मेंबर्स के लिए जारी किया गया था। शो में दीपक कलाल के अलावा रवि गुप्ता और अगु स्टेनली भी नजर आए। एपिसोड में कार्तिका जलानी ने पहले अपनी कविता सुनाई। इसके बाद समय ने उनके फॉर्म में लिखी एक बात का जिक्र किया कि उनके लिए उनके बाल उनकी पूरी पहचान हुआ करते थे।

समय ने इस बारे में पूछा तो कार्तिका ने बताया कि पहले उनके बाल काफी लंबे थे, लेकिन अब उन्होंने छोटे बाल रखे हैं। बातचीत आगे बढ़ी तो समय ने उनसे पूछा कि आखिर ऐसा क्या हुआ। इसके जवाब में कार्तिका ने बताया कि उन्हें कैंसर का पता चला था।

समय ने तुरंत दीपक का माइक हटा दिया

कार्तिका की यह बात सुनते ही समय रैना ने तुरंत दीपक कलाल की तरफ देखा और उनका माइक अपने हाथ में ले लिया। समय को शायद अंदाजा था कि दीपक इस गंभीर विषय पर कोई ऐसा मजाक कर सकते हैं, जिससे माहौल असहज हो जाए। माइक हटाते हुए समय का रिएक्शन देखकर कार्तिका और वहां मौजूद दर्शक हंस पड़े।

इसके कुछ देर बाद समय ने कार्तिका से पूछा कि उन्हें किस तरह का कैंसर हुआ था। कार्तिका ने बताया कि वह ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं। यह सुनकर समय ने एक बार फिर दीपक का माइक अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि इस बार उनके अंदाज में मजाक से ज्यादा चिंता दिखाई दी। उन्होंने कार्तिका के ठीक होने की कामना भी की।

इलाज अभी जारी, रेडिएशन के बाद इम्यूनोथेरेपी

बातचीत के दौरान कार्तिका ने यह भी बताया कि उनका इलाज अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने हाल ही में रेडिएशन थेरेपी पूरी की है और फिलहाल इम्यूनोथेरेपी चल रही है। उनकी बातों से यह भी साफ हुआ कि वह इस मुश्किल दौर के बावजूद सकारात्मक नजरिया बनाए हुए हैं। शो में मौजूद दीपक कलाल भी कार्तिका की बातों से प्रभावित नजर आए। बातचीत के दौरान उनका भावुक चेहरा भी कैमरे में दिखाई दिया। कार्तिका की हिम्मत और मुश्किल परिस्थिति के बीच उनके सकारात्मक रवैये ने पूरे माहौल को कुछ देर के लिए गंभीर बना दिया।

हालांकि शो अपने हास्य और बेबाक बातचीत के लिए जाना जाता है, लेकिन इस एपिसोड में कैंसर की चर्चा के दौरान समय रैना का दीपक से माइक ले लेना दर्शकों के लिए एक अप्रत्याशित पल बन गया। इसी वजह से इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *