पलवल में मुंडकटी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर कंटेनर चालक से मारपीट और लूटपाट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि फर्रुखाबाद निवासी वसीम खां नोएडा से वाशिंग मशीन लोड कर ओडिशा जा रहा था। रात करीब 2 बजे मितरोल गांव के पास भारत पेट्रोल पंप पर उसकी गाड़ी रुकी, तभी तीन युवकों ने कार से रास्ता रोक लिया। मारपीट कर जेब से निकाले 10 हजार रुपए कैश युवकों ने वसीम से मारपीट कर उसकी जेब से दस हजार रुपये नकद और कागजात वाला कपड़ों का बैग लूट लिया। सीसीटीवी फुटेज व गुप्त सूचना पर पुलिस ने मितरोल निवासी धर्मेंद्र उर्फ भूरा, औरंगाबाद निवासी मोहित उर्फ मोनू और लोकेश उर्फ गोलू को पकड़ा। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल कार और लूटे गए 2297 रुपए मिले। पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।

