औरैया के फफूंद में गांधी जयंती के अवसर पर द बचपन-ए मॉडर्न प्ले स्कूल में बच्चों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों को रचनात्मक गतिविधियों के जरिए जाना। इस दौरान बच्चों ने गांधी जी के प्रसिद्ध चश्मे के चित्र बनाए और गांधी जयंती से जुड़े पोस्टर हाथों में लेकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति चतुर्वेदी ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और अनुशासन जैसे आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। बच्चों को इन मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम प्रबंधक पीके दीक्षित और निदेशक दीपक दीक्षित के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।

