भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा में छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की जीत को ‘‘देश विरोधी ताकतों के लिए करारा जवाब’’ बताते हुए शनिवार को कहा कि यह जीत इस बात की पुष्टि करती है कि देश का युवा ‘‘राष्ट्र प्रथम’’ की विचारधारा का समर्थन करता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अभाविप ने 15 अक्टूबर को हुए चुनाव में ओडिशा के 13 राज्य विश्वविद्यालयों में से आठ और कई महाविद्यालयों में जीत दर्ज की। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ओडिशा के छात्रसंघ चुनाव में मिली प्रचंड जीत के लिए अभाविप के कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।
पहले पंजाब विश्वविद्यालय, फिर दिल्ली विश्वविद्यालय और अब ओडिशा के 13 विश्वविद्यालयों में अभाविप को मिली यह शानदार जीत स्पष्ट संदेश है कि देश की युवा शक्ति झूठ, भ्रम व अराजकता फैलाने वाली ताकतों के साथ नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ी है।’’
उन्होंने एसआईआर के खिलाफ जारी आंदोलन की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘परिषद की यह जीत देशविरोधी ताकतों को युवाओं का करारा जवाब है।’’
राज्य में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े जाते, लेकिन राजनीतिक दल उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं। जहां राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने अभाविप प्रत्याशियों का समर्थन किया, वहीं विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने अपने छात्र संगठन बीजू छात्र जनता दल (बीसीजेडी) के उम्मीदवारों को और कांग्रेस ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रत्याशियों को मैदान में उतारा। अभाविप की ओडिशा इकाई ने दावा किया कि उसके उम्मीदवारों ने राज्य के 13 में से आठ विश्वविद्यालयों में जीत हासिल की, जिसमें अध्यक्ष पद के आठ, उपाध्यक्ष के आठ, सचिव के 10 और सहायक महासचिव के 11 पदों पर विजय मिली है।
अभाविप की राज्य सचिव दीप्तिमयी प्रतिहारी ने दावा किया कि संघ के छात्र संगठन ने उत्कल विश्वविद्यालय में पूरे पैनल को पछाड़ दिया और रेवेनशॉ विश्वविद्यालय में अध्यक्ष पद को छोड़कर बाकी सभी पदों पर जीत दर्ज की। दूसरी ओर, बीसीजेडी उम्मीदवारों ने पांच विश्वविद्यालयों में अध्यक्ष और एक में महासचिव पद पर जीत हासिल की। एनएसयूआई ने एक विश्वविद्यालय में महासचिव का पद जीता।
हालांकि, बीसीजेडी की अध्यक्ष इप्सिता साहू ने कहा, ‘‘हमने प्रतिष्ठित रमा देवी महिला विश्वविद्यालय और रेवेनशॉ विश्वविद्यालय सहित राज्य भर के लगभग 55 से 60 प्रतिशत कॉलेज संघों में जीत हासिल की है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकतर महिला कॉलेजों में बीजद समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

