ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 421 रन का टारगेट दिया है। डरबन के किंग्समीड मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 314 रन बनाकर घोषित कर दी। मैट रेनशॉ ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए। कप्तान पैट कमिंस ने 12 गेंदों पर 4 छक्के लगाकर नाबाद 32 रन बनाए। ब्यू वेबस्टर 39 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 19 गेंदों पर 44 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 390 रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका की टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई। इस आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 106 रन की बढ़त मिली थी। कमिंस ने हार्मर के एक ओवर में 3 छक्के लगाए ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी 8 ओवर में तेजी से रन बनाए। कमिंस ने हार्मर के 58वें ओवर में तीन छक्के लगाए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर लॉन्ग-ऑन की ओर छक्का जड़ा। अगली दो गेंदों पर लगातार छक्के लगाए और फिर एक रन लिया। वेबस्टर ने ओवर की आखिरी गेंद पर रिवर्स स्वीप से चौका लगाया। इस ओवर में कुल 23 रन आए। कमिंस ने 266.67 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वेबस्टर ने 90.70 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 58 ओवर में 5.41 रन प्रति ओवर की गति से 314 रन बनाए। रेनशॉ ने 99 गेंदों पर 82 रन बनाए मैट रेनशॉ ने दूसरी पारी में 99 गेंदों पर 82 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। वे केशव महाराज की गेंद पर कैच एंड बोल्ड हुए। रेनशॉ ने पहली पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 397 गेंदों पर 190 रन बनाए थे, जिसमें 21 चौके और एक छक्का शामिल था। दूसरी पारी में निक मैडिनसन ने 38 गेंदों पर 48 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्हें नॉर्खिया ने बोल्ड किया। स्टीव स्मिथ ने 41 गेंदों पर 27 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन 58 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ को साइमन हार्मर ने और लाबुशेन को केशव महाराज ने पवेलियन भेजा। ट्रैविस हेड 11 रन बनाकर मार्को यानसन की गेंद पर टेम्बा बावुमा को कैच दे बैठे। एलेक्स कैरी ने 39 गेंदों पर 24 रन बनाए। उन्हें भी नॉर्खिया ने बोल्ड किया। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बनाए थे 390 रन ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 137.2 ओवर में 390 रन बनाए थे। मैट रेनशॉ ने 190 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने 98 गेंदों पर 43 रन जोड़े। मार्नस लाबुशेन ने 37 और स्टीव स्मिथ ने 25 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने 4 विकेट लिए। मार्को यानसन ने 3 और अनरिख नॉर्खिया ने 2 विकेट हासिल किए। साइमन हार्मर को एक विकेट मिला। साउथ अफ्रीका की पहली पारी 284 रन पर सिमटी साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में 78 ओवर में 284 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। डेविड बेडिंगहम ने 73 गेंदों पर 49 रन बनाए। एडेन मार्करम ने 67 गेंदों पर 37, ट्रिस्टन स्टब्स ने 66 गेंदों पर 32 और वियान मुल्डर ने 50 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया। साइमन हार्मर 75 गेंदों पर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने 54 रन देकर 3 विकेट लिए। मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट हासिल किए। नाथन लायन ने भी 2 बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि ब्यू वेबस्टर को एक विकेट मिला। लाबुशेन लगातार 12 टेस्ट पारियों में अर्धशतक नहीं लगा सके मार्नस लाबुशेन इस टेस्ट की दोनों पारियों में 37-37 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही वह लगातार 12 टेस्ट पारियों में अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। उनके 66 टेस्ट के करियर में यह ऐसी सबसे लंबी अवधि है। उनका पिछला टेस्ट शतक जुलाई 2023 में आया था। इसके बाद वह 45 पारियां खेल चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 421 रन का टारगेट दिया:रेनशॉ के 82 रन; कमिंस ने 4 छक्के लगाकर 12 बॉल पर 32 रन बनाए

