एमपी में दिवाली से पहले सस्ती होगी हवाई यात्रा, जबलपुर से हैदराबाद रूट पर 30% तक घट सकता है किराया

एमपी में दिवाली से पहले सस्ती होगी हवाई यात्रा, जबलपुर से हैदराबाद रूट पर 30% तक घट सकता है किराया

Jabalpur-Hyderabad flight fare drop: जबलपुर और हैदराबाद के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को किराए में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 25 अक्टूबर के बाद इस रूट पर एटीआर की जगह एयरबस का संचालन होने से हवाई किराए में 25 से 30 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है। अभी सामान्य दिनों में हैदराबाद की टिकट के लिए 6500 से 9000 रुपए तक चुकाने पड़ते हैं, जबकि एयरबस शुरू होने के बाद यही सफर 4000 से 5500 रुपए में सम्भव हो सकता है।

हैदराबाद रूट पर सस्ती होगी हवाई यात्रा, एयरबस की सीटों की संख्या बनेगा कारण

विमानन कम्पनियां डायनामिक प्राइसिंग प्रणाली के तहत टिकटों का किराया तय करती हैं। एटीआर केवल 78 सीटें होने के कारण बुकिंग बढने के साथ कम किराए वाली श्रेणी की सीटें जल्दी खत्म हो जाती हैं और टिकट महंगे स्लैब में पहुंच जाते हैं। लेकिन एयरबस में सीटों की संख्या अधिक होने के कारण लो फेयर बकेट बड़ा होगा। इससे बुकिंग शुरुआती और मध्य दौर में सस्ती होगी।

फिलहाल हैदराबाद रूट पर सामान्य दिनों में हवाई किराया 6500 से 9000 रुपए के बीच रहता है, जबकि पीक दिनों में यह बढकर 12 हजार से 18 हजार रुपए तक पहुंच जाता है। एयरबस संचालन के बाद सामान्य दिनों में औसत किराया 4000 से 5500 रुपए तक रहने का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक किराया यात्रियों की मांग, बुकिंग के समय और सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

लास्ट मिनट बुकिंग में फायदा

मेडिकल इमरजेंसी या तात्कालिक यात्रा के लिए एक-दो दिन पहले टिकट लेने वालों को अक्सर 14 से 18 हजार रुपए तक चुकाने पड़ते थे। एयरबस में अधिक सीटें उपलब्ध होने से आखिरी समय में भी टिकट छह हजार से साढ़े सात हजार रुपए तक मिल सकेंगे।

दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

जबलपुर और आसपास के जिलों जैसे कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, सिवनी के हजारों युवा हैदराबाद और बेंगलूरु के आईटी सेक्टर में काम करते हैं। दक्षिण भारत के बड़े अस्पतालों में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों के लिए भी यह रूट महत्वपूर्ण है। एयरबस के संचालन से हैदराबाद तक सीधी यात्रा अधिक किफायती होगी। इसके अलावा हैदराबाद के जरिए बेंगलूरु, चेन्नई, केरल और खाड़ी देशों के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेना आसान होगा।

एटीआर और एटीएम विमानों में अंतर

एटीआर में 78 सीट जबकि एयरबस में 180 से 186 सीटें होती हैं। एटीआर को 600 से 700 किलोमीटर की दूरी तय करने में पौने दो घंटे लगते हैं, जबकि एयरबस यह सफर एक घंटे दस मिनट में पूरा कर लेती है।

यह है शेड्यूल

विमान हैदराबाद से दोपहर 3.40 बजे उड़ान भरकर अपराह्न 4.55 बजे जबलपुर पहुंचेगा।

जबलपुर से शाम 5.25 बजे रवाना होगा शाम 6.45 बजे हैदराबाद पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *