एटीएम से नकदी चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

एटीएम से नकदी चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

राजकोट. राजकोट सहित राज्यभर के एटीएम से नकदी चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच के पुलिस उप निरीक्षक (पीएसआइ) डी.पी. झाला और एस.एम. राणा की टीम ने मिली सूचना के आधार पर एटीएम से छेड़छाड़ कर नकदी चुराकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को पुजारा प्लॉट इलाके से पकड़ा। इनमें अफसर अहमद अली (23), अरबाज अहमद (27) और साहिद खान (26) शामिल हैं। तीनों उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के मूल निवासी हैं।
टीम ने आरोपियों के पास से 1.12 लाख रुपए नकद, कार, मोबाइल, एल्युमिनियम की पट्टियां, फाइबर की रिंग, ब्लेंडर फाइल और एटीएम कार्ड सहित कुल 4.45 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) और बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) के कुछ एटीएम पुराने सिस्टम से संचालित होते हैं। इनमें छेड़छाड़ होने पर सायरन नहीं बजता। इस कारण बैंक को आपराधिक गतिविधि की जानकारी नहीं मिल पाती थी। इसी वजह से आरोपी इन दोनों बैंकों के एटीएम को ही सॉफ्ट टारगेट बनाते थे।

ऐसे देते थे अंजाम

बैंक की छुट्टी के दिन या बैंक बंद रहने के समय आरोपी एटीएम के डिस्पेंसर बॉक्स में एल्युमिनियम की पट्टी फिट कर वहां से चले जाते थे। इसके बाद जब कोई व्यक्ति एटीएम से रुपए निकालने आता, तो पूरी प्रक्रिया करने के बावजूद नकदी बाहर नहीं निकलती थी। रुपए नहीं मिलने पर वह व्यक्ति एटीएम से बाहर चला जाता था। इसके बाद आरोपी फिर से एटीएम के अंदर प्रवेश करते और डिस्पेंसर बॉक्स में पहले से लगाई गई एल्युमिनियम की पट्टी को हटाकर उसमें फंसी नकदी चुराते थे। आरोपियों ने इसी तरीके से 14 वारदातों को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में राज्य के विभिन्न शहरों और मुंबई में एटीएम से नकदी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *