Nagpur Narendra Nagar murder: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में गुरुवार शाम पुराने विवाद और आपसी रंजिश के चलते एक कुख्यात गैंगस्टर की चाकू मारकर बेदर्मी से हत्या कर दी गई। नरेंद्रनगर पुल के पास हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय गौरव पंकज रागड़े के रूप में हुई है, जो हाल ही में हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव रामभाऊ राउत को लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करने के बाद रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से कत्ल में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
संदेह और कहासुनी से भड़का विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक गौरव रागड़े और आरोपी गौरव राउत दोनों ही आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। आरोपी गौरव राउत अपनी पत्नी के साथ छत्रपति चौक इलाके में ‘क्लाउड किचन’ रेस्टोरेंट शुरू करने की तैयारी में था, जिसके लिए उसने पास ही एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। गुरुवार को गौरव रागड़े को शक हुआ कि उसकी पत्नी राउत के किराए के कमरे में मौजूद है। इसी संदेह के आधार पर रागड़े नशे की हालत में उस कमरे में पहुंच गया, जहां राउत अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। नशे में धुत रागड़े ने गाली-गलौज करते हुए कमरे में तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए, जिसके बाद दोनों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।
पीछा कर सड़क पर गोदा चाकू
कमरे में हुए झगड़े के बाद जब गौरव रागड़े वहां से भागने लगा, तो आरोपी गौरव राउत चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ा। नरेंद्रनगर पुल के पास जैसे ही रागड़े असंतुलित होकर गिरा, राउत ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण रागड़े ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गश्ती पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से पकड़ा गया आरोपी
हादसे के वक्त अजनी पुलिस स्टेशन के दो पुलिसकर्मी, मनीष भालमे और नरेश सावंकर, इलाके में गश्त पर थे। वारदात की खबर मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे। सिपाही नरेश सावंकर ने तुरंत भाग रहे आरोपी का पीछा करना शुरू किया और करीब 1.5 किलोमीटर तक दौड़ाकर आरोपी गौरव राउत को दबोच लिया।
बेल्टारोडी थाने में हत्या का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चूंकि कत्ल की वारदात नरेंद्रनगर पुल के पास हुई, इसलिए मामले में बेल्टारोडी पुलिस स्टेशन में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई अन्य आरोपी भी शामिल था।

