हापुड़ के पिलखुवा में एक बाइक पर छह छात्रों का सवार होकर स्टंट का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक छात्र को गोद में बैठाया गया है, जबकि बाइक सवार चलते हुए स्टंट करते नजर आ रहे हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे का बताया जा रहा यह वीडियो सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। मामले में ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक बाइक पर छह छात्र, हादसे का खतरा वीडियो में बाइक पर क्षमता से अधिक छात्र सवार दिखाई दे रहे हैं। इस तरह बाइक चलाने से संतुलन बिगड़ने और अचानक ब्रेक लगाने पर हादसा होने का खतरा रहता है। इससे बाइक सवारों के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। यातायात नियमों के अनुसार, दोपहिया वाहन पर चालक के अलावा केवल एक सवारी बैठ सकती है। ऐसे में एक बाइक पर छह लोगों का सवार होना नियमों की अनदेखी है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर बाइक सवारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

