एकता कपूर का शो ठुकराने पर ऐसा हुआ था काजी तौकीर का हाल, ‘बिग बॉस 20’ में किया बड़ा खुलासा

एकता कपूर का शो ठुकराने पर ऐसा हुआ था काजी तौकीर का हाल, ‘बिग बॉस 20’ में किया बड़ा खुलासा

Qazi Touqeer On Ekta Kapoor in Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के घर में इन दिनों पुरानी यादों और दिलचस्प खुलासों का दौर चल रहा है। शो के नए एपिसोड में कंटेस्टेंट और जाने-माने गायक काजी तौकीर (Qazi Touqeer) ने अपने शुरुआती करियर के दिनों को याद करते हुए एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया है। काजी ने आम्रपाली दुबे के साथ बातचीत करते हुए बताया कि कैसे साल 2005 में टीवी क्वीन कही जाने वाली फेमस प्रोड्यूसर एकता कपूर उनके लिए एक बड़ा शो लेकर आई थीं, लेकिन कम उम्र और नासमझी के चलते उन्होंने वह ऑफर ठुकरा दिया था।

एकता कपूर ने ऑफर किया था काजी तौकीर को शो

बिग बॉस 20 के नए एपिसोड का एक क्लिप वायरल हो रहा है। जिसमें काजी ने बातचीत के दौरान अपने उन दिनों को याद किया जब वह रातों-रात स्टार बन गए थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी टेलीविजन शोज में काम नहीं किया था, लेकिन उनके पास बड़े-बड़े मौके आए थे। काजी ने खुलासा किया, “TV मैंने कभी किया नहीं। TV के मौके बहुत बड़े-बड़े थे। मैं खुशकिस्मत था जिनके लिए एकता कपूर जी 2005 में आईं और उन्होंने कहानी सुनाई।”

काजी ने उस मुलाकात को याद करते हुए बड़े ही मजाकिया अंदाज में बताया कि उस वक्त उनकी उम्र महज 20 साल थी। एकता कपूर उन्हें रॉकस्टार के किरदार की पूरी कहानी और डिटेल्स समझा रही थीं, लेकिन उनका ध्यान कहानी से ज्यादा उनकी अंगूठियों पर था। काजी ने हंसते हुए कहा, “मैं सिर्फ उनकी अंगूठियां देख रहा था।”

ऑफर ठुकराने पर मीडिया में हुई थी आलोचना

काजी ने बताया कि उस समय वह सीधे तौर पर एकता कपूर को मना नहीं कर पाए थे। इसलिए उन्होंने अनुपमा नाम की एक महिला के जरिए अपना फैसला उन तक पहुंचाया और बहाना बनाया कि वह पहले से ही एक फिल्म के कॉन्ट्रैक्ट से बंधे हुए हैं। हालांकि, इस फैसले के बाद जो हुआ, उसने काजी को हैरान कर दिया था। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मैं सुबह नाश्ता कर रहा था उस समय मैंने देखा खबरे चल रही थीं, काजी ने एकता कपूर को छोड़ दिया। काजी के पास अभी और भी बड़े काम हैं।’ यह पेपर ऐसा ही है, मीडिया ऐसा ही है। उस टाइम क्लेरिफिकेशन करने के हमारे पास सोशल मीडिया नहीं था। मैं हो गया बदनाम।”

बता दें, काजी तौकीर साल 2005 में रूपरेखा बनर्जी के साथ सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ के विनर बनकर रातों-रात मशहूर हुए थे। इस जीत के बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में भी हाथ आजमाया। साल 2015 में वह फिल्म ‘फैंटम’ के सुपरहिट गाने ‘अफगान जलेबी’ में नजर आए थे। अब इतने सालों बाद काज़ी सलमान खान के पॉपुलर शो ‘बिग बॉस 20’ के जरिए एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *