Richa Chadha On Cinema content 2026: बॉलीवुड अभिनेत्री और प्रोड्यूसर ऋचा चड्ढा (Richa Chadha) हमेशा से अपने बेबाक बयानों और कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा के समर्थन को लेकर जानी जाती हैं। बड़े बजट और भारी-भरकम मार्केटिंग के बजाय क्वालिटी सिनेमा पर भरोसा करने वाली ऋचा अब अपने प्रोडक्शन हाउस ‘पुशिंग बटन्स स्टूडियोज’ (Pushing Buttons Studios) के जरिए नए टैलेंट को आगे बढ़ा रही हैं। वहीं, ऋचा ने अब भारतीय सिनेमा की वर्तमान स्थिति पर अपनी राय रखी। उन्होंने इस दौरान फिल्म हनुमान अंश की सफलता पर भी बात की।
ऋचा चड्ढा ने इंडस्ट्री को लेकर क्या कहा?
ऋचा चड्ढा ने जूम संग खास बातचीत की। इस दौरान जब पूछा गया कि क्या साल 2026 छोटे बजट और कंटेंट-आधारित फिल्मों के लिए एक मील का पत्थर (Landmark Year) साबित हो रहा है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। महज 2 करोड़ के बजट में बनकर दुनिया भर में 423 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ का उदाहरण दिया।
ऋचा चड्ढा ने कहा: “नहीं, 2026 कंटेंट सिनेमा के लिए कोई लैंडमार्क साल नहीं है। अगर हम सिर्फ ‘हनुमान अंश’ की सफलता को देखकर यह राय बना रहे हैं, तो यह अलग बात है। इस साल ऐसी और कौन सी छोटी फिल्में चली हैं? धार्मिक और माइथोलॉजिकल (पौराणिक) फिल्में तुलनात्मक रूप से हमेशा अच्छा बिजनेस करती हैं, क्योंकि वे हर वर्ग के दर्शकों के लिए देखने में सुरक्षित (safe) होती हैं। लोग इन्हें देखते ही हैं। इसलिए यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी कि इंडस्ट्री में कुछ बहुत बड़ा बदलाव आ गया है।”
ऋचा ने आगे जोर देकर कहा कि जब तक हम बेहतर स्क्रिप्ट्स और राइटर्स पर खुलकर पैसा नहीं खर्च करेंगे, तब तक कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा इंडस्ट्री में लीड रोल नहीं निभा सकता।
मदरहुड के सफर से मिला ‘मुसाफिरी’ का आइडिया
ऋचा चड्ढा और उनके पति अली फजल (Ali Fazal) का होम प्रोडक्शन हाउस लगातार विविध और प्रयोगात्मक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। उनकी पहली फीचर फिल्म ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ (2024) ने सनडांस फिल्म फेस्टिवल में वैश्विक स्तर पर वाहवाही बटोरी थी। इसके बाद अब उन्होंने YouTube पर ‘मुसाफ़िरी’ सीरीज शुरू की है, जिसे ऋचा ने खुद लिखा, होस्ट और प्रोड्यूस किया है।
ऋचा ने बताया कि मां बनने (Motherhood) के सफर के दौरान उन्हें मुंबई शहर को करीब से जानने की उत्सुकता हुई, जहां उन्होंने अपना घर, परिवार और करियर बनाया है। यह सीरीज मुंबई के आम और अनोखे लोगों की दिल छू लेने वाली कहानियों को सामने लाती है। आने वाले दिनों में उनका प्रोडक्शन हाउस ‘पपीता’, ‘डॉगी स्टाइलज़’, ‘पिंकी प्रॉमिस’ और ‘मिस पामोलिव ऑल नाइट कैबरे’ जैसे दिलचस्प प्रोजेक्ट्स लेकर आने वाला है।

