उज्जैन में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। माधव नगर थाना क्षेत्र में ठगों ने गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देकर 82 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी के बैंक खाते से 2.01 लाख रुपए निकाल लिए। वहीं, नागझिरी थाना क्षेत्र में कम EMI कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 28,125 रुपए ट्रांसफर करा लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गैस बिल अपडेट कराने के नाम पर डाउनलोड कराया ऐप माधव नगर पुलिस के अनुसार, दमदमा निवासी युसुफ मोहम्मद शेख मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 10 अक्टूबर को उनके वॉट्सऐप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें अवंतिका गैस एजेंसी का कनेक्शन कटने की बात कही गई थी। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप कॉल कर बिल अपडेट कराने के नाम पर उनसे एक ऐप डाउनलोड करवाया और 10 रुपए का ट्रांजैक्शन करने को कहा। ट्रांजैक्शन फेल होने के कुछ देर बाद ही उनके यूनियन बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2,01,900 रुपए निकल गए। बैंक का मैसेज आने पर उन्होंने आरोपी को फोन किया, तो उसने रुपए वापस आने का भरोसा दिलाया। बाद में पोते ने पासबुक में एंट्री कराई, तब ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कम EMI कराने का झांसा देकर 28 हजार रुपए ठगे दूसरा मामला नागझिरी थाना क्षेत्र का है। रामदेव बाबा मंदिर के पास रहने वाले विजेश देवड़ा ने बताया कि उन्हें अपने पिता की अर्टिगा कार की 28,125 रुपए की मासिक किस्त कम करवानी थी। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन हीरो फाइनेंस से जुड़ा ऐप डाउनलोड किया और उसके जरिए सूरज कुमार नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ। आरोपी ने खुद को हीरो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए अक्टूबर की किस्त के 28,125 रुपए अपने बताए सेंट्रल बैंक खाते में ट्रांसफर करने को कहा। विजेश ने गूगल पे से रकम भेज दी। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि अगले महीने से EMI घटकर 17,400 रुपए हो जाएगी। 8 अक्टूबर को किस्त की तारीख आने पर विजेश ने आरोपी को फोन किया, तो उसने अभद्रता करते हुए धमकी दी और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद विजेश ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

