उज्जैन में गुरुवार शाम सर्वधर्म हिंदू सनातन परिषद ने चुनरी यात्रा निकाली। यह यात्रा ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर भैरवगढ़ मार्ग स्थित मां बगलामुखी दशमहाविद्या धाम पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने भालू, मोटू-पतलू और जेठालाल-दया के वेष में गरबा किया। एक महिला घोड़े पर सवार होकर हाथ में तलवार लेकर चल रही थी। इसे देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जमा रही। बगलामुखी धाम पहुंचने पर माता की आरती की गई और मां को चुनरी चढ़ाई गई। इसके बाद भंडारे और प्रसादी का आयोजन हुआ। ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के महंत योगी महावीरनाथ ने कहा कि मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने इसे उज्जैन में कुंभ जैसी अनुभूति बताया।

