उचाना में कांग्रेस ने फूंका मोदी-शाह और CEC का पुतला:वोट चोरी का मुद्दा उठाया, पूर्व सांसद ने बृजेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार को घेरा

उचाना में कांग्रेस ने फूंका मोदी-शाह और CEC का पुतला:वोट चोरी का मुद्दा उठाया, पूर्व सांसद ने बृजेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार को घेरा

वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में उचाना में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी कपास मंडी से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और इस दौरान वोट बचाओ- देश बचाओ के नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर वोट चोरी करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मताधिकार को प्रभावित करने के लिए लगातार ऐसे तरीके अपना रही है। कहा कि, राहुल गांधी पिछले तीन वर्षों से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। चुनाव आयोग से जुड़े तथ्यों के सामने आने के बाद इस मामले की गंभीरता और स्पष्ट हुई है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की जनसभा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होगी। यह प्रदर्शन हरियाणा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के विरोध में भी किया गया। बिजली निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरा बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा में बिजली वितरण के निजीकरण की कोशिश को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के बीच जिम्मेदारी को लेकर भ्रम पैदा करने का प्रयास किया गया। सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही थी कि वह निजीकरण के पक्ष में नहीं है, जबकि आयोग ने लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में साढ़े 12 साल हो चुके हैं और उसे लगता है कि वह लोगों को लगातार भ्रमित कर सकती है। एक कहावत है कि कुछ लोगों को कुछ समय तक बेवकूफ बनाया जा सकता है, लेकिन सभी लोगों को हमेशा के लिए ऐसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में सरकार जनता की भावनाओं और वास्तविक परिस्थितियों को समझने में विफल हो रही है। बिजली कर्मी बधाई के पात्र : बृजेंद्र सिंह बृजेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली कर्मचारियों और यूनियनों के विरोध के बाद सरकार ने लाइसेंस रद्द करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी फैसले को लागू करने से पहले उसका संकेत देकर जनता की प्रतिक्रिया परखती है। बिजली कर्मचारियों और यूनियनों ने इस मुद्दे पर संघर्ष किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में जाने से रोकने के लिए कर्मचारियों का विरोध जरूरी था। गुरुग्राम क्षेत्र बिजली विभाग के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यदि इस क्षेत्र का निजीकरण हो जाता, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में बिजली वितरण व्यवस्था और कर्मचारियों पर इसके गंभीर प्रभाव पड़ सकते थे। निजी कंपनी को लाइसेंस देने पर उठाए सवाल पूर्व सांसद ने एचईआरसी द्वारा एक निजी कंपनी को लाइसेंस दिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसमें संभावित अनियमितताओं की आशंका जताई। उन्होंने दावा किया कि संबंधित कंपनी वर्ष 2025 में अस्तित्व में आई और उसके पास बिजली उत्पादन, वितरण या पारेषण के क्षेत्र में काम करने का कोई पुराना अनुभव नहीं है। उन्होंने कंपनी के खातों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि बिजली जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी ऐसी कंपनी को सौंपने के फैसले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की जनता से निजी स्वार्थ, जाति और क्षेत्रीय हितों से ऊपर उठकर हरियाणा के भविष्य के बारे में सोचने की अपील की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हरियाणा में ऐसी नीतियां अपनाने वाली भाजपा पंजाब में जाकर किस आधार पर वोट मांग रही है। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों पर चुनाव आयोग को घेरा भाजपा की ओर से यह सवाल उठाए जाने पर कि वोट चोरी के मामले में कोई बूथ एजेंट सामने नहीं आया, बृजेंद्र सिंह ने कहा कि वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों की जांच केवल बूथ एजेंटों के सामने आने या न आने के आधार पर नहीं की जा सकती। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल और बिहार में कई लोग सामने आए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की पार्टी ने हजारों शिकायतें लिखित रूप में दी हैं। उनके अनुसार, चुनाव आयोग इन शिकायतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है। बृजेंद्र सिंह ने न्यायपालिका की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन मामलों से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद संस्थागत स्तर पर कार्रवाई होगी, ताकि संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके। गोकुल सेतिया के उचाना आने पर क्या बोले बृजेंद्र सिंह गोकुल सेतिया के उचाना आने से जुड़े सवाल पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को देश के किसी भी हिस्से में जाने और काम-धंधा तलाशने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि उचाना में सभी का स्वागत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बेहूदा बातों का जवाब देकर उन्हें अनावश्यक महत्व देने के पक्ष में नहीं हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *