हिसार जिले के राजकीय महाविद्यालय उकलाना में प्राचार्या रेखा सलूजा के मार्गदर्शन में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विभिन्न देशभक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रमों का समन्वय एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चन्दन सिंह ने किया। अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने तिरंगा शपथ, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, तिरंगा यात्रा तथा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ही महाविद्यालय से मुगलपुरा तक तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया। पोस्टर प्रतियोगिता में नीलम प्रथम पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में एमए अंतिम वर्ष की नीलम ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय तथा बीए द्वितीय वर्ष की आशा ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। प्राचार्या ने की विद्यार्थियों की सराहना प्राचार्या रेखा सलूजा ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें।


