प्लॉट को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते दिया अंजाम
हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले की ईडर तहसील के समलापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर 8 साल के बालक केवल ठाकर का अपहरण कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। ईडर पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के 19 साल के युवक सावनजी ठाकर को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, समलापुर गांव निवासी अरविंद ठाकर के 8 साल के पुत्र केवल ठाकर का अपहरण हो गया था। बालक के पिता ने जमीन विवाद को लेकर अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए सोमवार को ईडर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कुएं से मिला शव
शिकायत में गांव के सावनजी ठाकर पर संदेह जताया। पुलिस ने सावनजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बालक की हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस को गांव की सीमा में स्थित एक कुएं से बालक का शव मिला।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे बच्चे के पिता पर अपनी मां की मौत को लेकर अंधविश्वास के कारण संदेह था। इसके अलावा तांत्रिक क्रिया जैसे कारणों से बदला लेने तथा मकान के प्लॉट को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते उसने बच्चे की हत्या करने की बात कबूल की। हत्या के बाद शव कुएं में फेंक दिया था।
सूचना मिलते ही साबरकांठा जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल और उपाधीक्षक सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी सावनजी ठाकर को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
खेरोज के पास साबरमती नदी में दो युवक डूबे, एक का शव बरामद
हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले में खेरोज के पास साबरमती नदी में सोमवार शाम नहाने गए दो युवक डूब गए। तलाशी के दौरान एक युवक का शव मंगलवार सुबह बरामद किया गया।
खेरोज पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम खेरोज गांव की सीमा में साबरमती नदी में दो युवक नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद एक तीसरे व्यक्ति ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों की सूचना पर खेरोज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद खेड़ब्रह्मा फायर विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। रात करीब 11 बजे तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा और नदी का गंदा पानी होने के कारण सफलता नहीं मिली।
मंगलवार सुबह नदी के किनारे से एक युवक का तैरता हुआ शव बरामद किया गया। दूसरे युवक की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों युवक उंबोरा गांव के निवासी थे।

