इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक के नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई 24 अगस्त से शुरू होने जा रही है। विश्वविद्यालय के 19 स्नातक पाठ्यक्रमों में लगभग 3,700 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के डॉक्यूमेंट का भौतिक सत्यापन सोमवार से आरंभ होगा। विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग अपनी सुविधानुसार सत्यापन की तिथियां और आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द जारी करेंगे। प्रवेश प्रक्रिया के लगभग पूरा होते ही विभागों ने शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। दस्तावेज सत्यापन के साथ-साथ कक्षाओं के संचालन की रूपरेखा भी बनाई जा रही है ताकि 24 अगस्त से नियमित शिक्षण कार्य समय पर प्रारंभ हो सके। प्रशासन ने कहा है कि अग्रिम रूप से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का मकसद नए विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत से ही कक्षाओं में शामिल होना सुनिश्चित कराना है। सीएमपी डिग्री कॉलेज स्नातक पाठ्यक्रमों की नई कटऑफ सूची वहीं, सीएमपी डिग्री कॉलेज ने विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों की नई कटऑफ सूची जारी कर दी है। कॉलेज के अनुसार 24 अगस्त को निर्धारित कटऑफ के आधार पर काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। बीए में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 140 अंक, ईडब्ल्यूएस 80 अंक और ओबीसी 90 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं एससी-एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए पात्र होंगे। बीएससी (गणित) में ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 160 अंक, बीएससी (जीवविज्ञान) में ईडब्ल्यूएस 207 अंक रखी गई है। बीसीए और एमसीए (डाटा साइंस) में ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 220 अंक है। कुछ पाठ्यक्रमों में एससी-एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में शामिल होने का अधिकार दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन और कॉलेज अधिकारियों ने अभिभावकों तथा अभ्यर्थियों से सलाह दी है कि वे सत्यापन व काउंसिलिंग की तिथियों और निर्देशों के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करें।

