इटावा में आज 20,400 अभ्यर्थी देंगे PET:22 केंद्रों पर होगी परीक्षा, स्टेशन और बस स्टैंड पर बनाए गए हेल्प डेस्क

इटावा में आज 20,400 अभ्यर्थी देंगे PET:22 केंद्रों पर होगी परीक्षा, स्टेशन और बस स्टैंड पर बनाए गए हेल्प डेस्क

इटावा में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए 20,400 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिले में इसके लिए 22 स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिला प्रशासन ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर लीं हैं। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रैन बसेरों को दुरुस्त कराने के साथ रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 10 से 12 बजकर 5 मिनट तक और दोपहर 3 बजे से लेकर शाम के 5 बजकर 5 मिनट तक का है। दोनों पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को लेकर शनिवार को विभिन्न अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। परीक्षा के दौरान अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा, जहां मुख्य द्वार पर तलाशी के बाद प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा देने के लिए दूसरे स्थानों से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को ठहरने में परेशानी न हो, इसके लिए रैन बसेरों को तैयार कराया गया है। वहीं, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र की जानकारी दी जाएगी। यहां तैनात कर्मचारी केंद्र तक पहुंचने का रास्ता भी बताएंगे, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को भटकना न पड़े। जिले में परीक्षा 3 तिथियों पर आयोजित की जानी है। रविवार, 25 अक्टूबर के बाद 30 अक्टूबर और एक नवंबर को भी दो-दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 10,200 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली में सुबह आठ बजे से प्रवेश
पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 9:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली के लिए प्रवेश दोपहर 1 बजे से शुरू होगा और 2:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को समय का ध्यान रखते हुए केंद्र पर पहुंचना होगा, क्योंकि निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इन विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
जिले में शोरावाल बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, ज्ञानस्थली एकेडमी, एचएमएस इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पंचायती राज महिला महाविद्यालय, केके डिग्री कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, थियोसोफिकल इंटर कॉलेज, शिवनारायण इंटर कॉलेज, संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट, रेडवुड ग्लोबल स्कूल, पुलिस मॉडर्न स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल और पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा केंद्रों तक जाने का किराया निर्धारित
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए वाहनों का किराया भी तय किया गया है। शहर के परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए 10 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। वहीं, संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नारायण कॉलेज, रेडवुड ग्लोबल स्कूल, पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल तक पहुंचने के लिए 20 रुपए तक किराया निर्धारित किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *