बरेली में करीब 40 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। आईवीआरआई रोड स्थित इज्जतनगर थाना बारिश के पानी में डूब गया। थाने के अंदर करीब 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। परिसर पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया है। पुलिसकर्मियों को पानी के बीच से होकर ड्यूटी करनी पड़ रही है। मुंशी और कंप्यूटर रूम तक पहुंचा पानी बारिश का पानी थाने के मुंशी रूम और कंप्यूटर रूम तक पहुंच गया। पानी बढ़ने पर जरूरी फाइल और सामान को सुरक्षित जगह पर हटाया गया। थाने के अंदर आने-जाने के लिए पुलिसकर्मियों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। फरियादियों के लिए भी पहुंचना मुश्किल थाना परिसर में पानी भरने से पुलिसकर्मियों के साथ फरियाद लेकर आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। लगातार बारिश के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे थाने का रोजमर्रा का काम भी प्रभावित हुआ है। शहर के कई इलाकों में जलभराव लगातार बारिश से बरेली की कई पॉश कॉलोनियों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति है। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है। कुछ इलाकों में घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 27 सितंबर को भी भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 27 सितंबर को बरेली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पहले से जलभराव वाले इलाकों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। लगातार बारिश के कारण शहर में लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है।

