इगलास थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने और कर्तव्य पालन में लापरवाही के मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी नीरज जादौन ने एसपी ग्रामीण की आख्या के आधार पर सोमवार रात दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह कार्रवाई की। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना इगलास में तैनात उपनिरीक्षक बद्रीराम और आरक्षी मोनू कश्यप के संदिग्ध क्रियाकलापों में लिप्त पाए जाने तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया था। इसके बाद एसएसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेजने के आदेश दिए। साथ ही मामले की विभागीय जांच प्रचलित कर दी गई है। एसएसपी ने सभी अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी निष्ठा और मनोयोग से जनहित में कार्य करें। ड्यूटी में लापरवाही और संदिग्ध गतिविधियों के मामलों में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

