मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में चल रहे प्रदर्शन के बीच अब इंदौर में भी युवाओं ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को टंट्या भील चौराहे पर स्थित प्रतिमा स्थल पर युवा एकत्रित हुए और प्रदर्शन शुरू किया। युवाओं ने इसे ‘Gen Z प्रोटेस्ट 2.0’ नाम दिया है। प्रदर्शन में युवा हाथों में संविधान और महात्मा गांधी की तस्वीरें लेकर बैठे नजर आए। उनके हाथों में अलग-अलग तख्तियां भी थीं। एक तख्ती पर लिखा था- ‘ग्यानू, पैक योर बैग्स ब्रो’, जबकि दूसरे पर लिखा था- तू क्या, तेरा बाप भी इस्तीफा देगा। युवाओं का कहना है कि यह प्रदर्शन अनिश्चितकालीन रहेगा और जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इसके पहले कई दिनों से सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के लिए पोस्ट की जा रही थी। इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी योगित गुप्ता ने कहा कि अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की शुरुआत हो चुकी है। यह आंदोलन केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक इसे जारी रखा जाएगा। कैलाश विजयवर्गीय के घर प्रदर्शन कर चुके प्रहलाद पांडे भी पहुंचे
इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर और विधायक गोलू शुक्ला के खिलाफ रीगल चौराहे पर प्रदर्शन कर चुके समाजसेवी प्रहलाद पांडे भी युवाओं के इस प्रदर्शन में समर्थन देने पहुंचे। इससे आंदोलन को शहर में एक और समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। गौरतलब है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। मुंबई में भी हाल में बड़ा प्रदर्शन हुआ था, जबकि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी।

